फिट इंडिया वूमेंस वीक के तहत ग्राम पड़रिया में खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन

Revanchal
6
2 Min Read

रेवांचल टाइम्स नारायणगंज मंडला अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस 2026 के अवसर पर फिट इंडिया वूमेंस वीक के अंतर्गत 07 मार्च 2026 को परियोजना स्तरीय खेल प्रतियोगिता का आयोजन ग्राम पंचायत पड़रिया उर्फ नारायणगंज में किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।


कार्यक्रम के तहत आयोजित कुर्सी दौड़ प्रतियोगिता में 15 बालिकाओं ने हिस्सा लिया। इसमें सौम्या सोनी प्रथम स्थान, जानवी द्वितीय स्थान तथा शिवानी सिंगरौर तृतीय स्थान प्राप्त किया।


वहीं नींबू-चम्मच दौड़ प्रतियोगिता में 36 बालिकाओं ने भाग लिया, जिसमें भूमिका चक्रवर्ती प्रथम स्थान, शिवानी सिंगरौर द्वितीय स्थान और सोनाली सोनवानी तृतीय स्थान प्राप्त किया।


कार्यक्रम के दौरान साइकिल रैली भी निकाली गई, जिसमें परियोजना अधिकारी संजीव मोहर, पंचायत सचिव अभिषेक शर्मा सहित बड़ी संख्या में बालिकाओं ने भाग लेकर महिला सशक्तिकरण और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।


इसके अलावा मेहंदी प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें 12 बालिकाओं ने भाग लिया। प्रतियोगिता में सौम्या सोनी प्रथम, अनन्या अग्रवाल द्वितीय तथा वैष्णवी झारिया तृतीय स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत के सरपंच राजकुमार टेकाम, उपसरपंच विवेक सोनी, पंच रामकुमार साहू, महिला बाल विकास परियोजना अधिकारी संजीव मोहर, पंचायत सचिव अभिषेक शर्मा, समस्त पर्यवेक्षक, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाएं, किशोरी बालिकाएं तथा ग्रामीण जन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में सरपंच राजकुमार टेकाम द्वारा विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार वितरित किए गए। साथ ही सभी प्रतिभागियों को स्वल्पाहार वितरित किया गया और इसी के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।

Share This Article
Translate »