शाहनगर में सियार के हमले में बच्ची घायल, वन विभाग ने उपलब्ध कराई त्वरित सहायता

Revanchal
2 Min Read

दैनिक रेवांचल टाइम्‍स पन्‍ना। दक्षिण पन्ना वनमंडल के शाहनगर वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम मरहा में गुरुवार को 5 वर्षीय हेमंती का जंगल के समीप एक सियार से अचानक आमना-सामना हो गया। घटना में बच्ची घायल हो गई। बच्ची की आवाज सुनकर उसकी मां राम बाई तत्काल मौके पर पहुंचीं और साहस दिखाते हुए सियार को वहां से भगाकर अपनी बेटी को बचाया। परिजनों द्वारा बच्ची को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहनगर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उसे कटनी रेफर किया गया।

घटना की सूचना मिलते ही शाहनगर वन परिक्षेत्र का मैदानी अमला सक्रिय हुआ और मरहा बीट के परिक्षेत्र सहायक राम प्रसाद पटेल एवं विनोद वर्मा तत्काल मौके पर पहुंचे। वन अमले ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ घायल बच्ची एवं उसके परिवार को आवश्यक आर्थिक एवं चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई। क्षेत्र में निगरानी एवं सतर्कता बढ़ाई जा रही है तथा स्थानीय ग्रामीणों को भी जंगल एवं उससे सटे क्षेत्रों में विशेषकर बच्चों की सुरक्षा के प्रति सावधानी बरतने की समझाइश दी जा रही है। दक्षिण पन्ना वनमंडल द्वारा मानव-वन्यजीव संबंधी घटनाओं में त्वरित प्रतिक्रिया, प्रभावित व्यक्ति को सहायता और स्थानीय समुदाय की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है।

👁️ 4 views Views
Share This Article
Translate »