मांगों को लेकर पटवारियों की प्रदेशव्यापी अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू

Revanchal
3 Min Read

3 अगस्त से कलमबंद आंदोलन का आगाज, 4 अगस्त से जिला मुख्यालयों पर धरना

कैडर रिव्यू, पदोन्नति, समयमान वेतनमान सहित विभिन्न मांगों पर सरकार से निर्णय की अपेक्षा

दैनिक रेवांचल टाइम्स, मंडला।
अपनी लंबित मांगों के निराकरण की मांग को लेकर मध्य प्रदेश पटवारी संघ ने 3 अगस्त से प्रदेशव्यापी अनिश्चितकालीन कलमबंद हड़ताल शुरू कर दी है। संघ के आह्वान पर मंडला जिले सहित प्रदेशभर के पटवारी शासकीय कार्यों से विरत रहकर आंदोलन में शामिल हो गए हैं। पटवारी संघ का कहना है कि सरकार द्वारा अन्य विभागों के कर्मचारियों को पदोन्नति सहित विभिन्न लाभ दिए गए, जबकि पटवारी संवर्ग की वर्षों पुरानी मांगों की लगातार अनदेखी की जा रही है।

पटवारी संघ के अनुसार 8 जुलाई 2026 को मुख्यमंत्री के नाम जिला कलेक्टरों को ज्ञापन सौंपकर कैडर रिव्यू लागू करने, पदोन्नति, समयमान वेतनमान, नायब तहसीलदार की विभागीय परीक्षा नियमित कराने, जॉब प्रोटेक्शन एक्ट में पटवारी संवर्ग को शामिल करने तथा लंबित वित्तीय देयकों का भुगतान सहित अन्य मांगों से शासन को अवगत कराया गया था। निर्धारित अवधि में मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं होने के बाद संघ ने चरणबद्ध आंदोलन प्रारंभ किया।

संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि 15 जुलाई से 29 जुलाई तक सामूहिक अवकाश के माध्यम से विरोध दर्ज कराया गया था। इसके बाद 20 जुलाई से 2 अगस्त तक चरणबद्ध आंदोलन चलाया गया तथा संबंधित तहसीलों में तहसीलदारों को ज्ञापन देकर 3 अगस्त से अनिश्चितकालीन कलमबंद हड़ताल की सूचना दी गई।

पटवारी संघ ने घोषणा की है कि 4 अगस्त से जिला मुख्यालयों पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा और मांगों के निराकरण तक आंदोलन जारी रहेगा। संघ का कहना है कि वह अपनी जायज मांगों को लेकर शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन कर रहा है।

संघ ने यह भी कहा कि हड़ताल के दौरान राजस्व संबंधी ऑनलाइन एवं ऑफलाइन कार्य प्रभावित हो सकते हैं। यदि इससे किसानों एवं आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा होती है तो इसकी जिम्मेदारी शासन की होगी। वहीं, पटवारी संघ ने सरकार से शीघ्र वार्ता कर मांगों का समाधान निकालने की अपील की है, ताकि राजस्व कार्य सामान्य रूप से संचालित हो सकें।

👁️ 5 views Views
Share This Article
Translate »