सावन का पहला सोमवार: हर-हर महादेव के जयकारों से गुंजायमान हुए शिवालय

Revanchal
2 Min Read

पातालेश्वर और मोक्षधाम मंदिर में उमड़ा आस्था का जनसैलाब, रामेश्वर धाम तक निकली भव्य कांवड़ यात्रा

​ रेवांचल टाइम्स छिंदवाड़ा

​पवित्र श्रावण मास के प्रथम सोमवार को भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना और दर्शन के लिए मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। अलसुबह से शुरू हुआ दर्शन-पूजन का यह सिलसिला देर शाम तक निरंतर जारी रहा। सोमवार को मौसम साफ रहने के कारण सुबह से ही मंदिरों में भक्तों का तांता लगा रहा।


​पूरे दिन सभी शिव मंदिरों परिसर में ‘ओम नमः शिवाय’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयकारे गूंजते रहे, जिससे संपूर्ण वातावरण धर्ममय और शिवमय हो गया।

प्राचीन शंकर मंदिर में लगी लंबी कतारें, हुआ विशेष श्रृंगार
​नगर के अति प्राचीन शंकर मंदिर में भगवान भोलेनाथ का विशेष भव्य श्रृंगार किया गया था। दर्शन के लिए भक्तों को लंबी-लंबी कतारों में अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा। मान्यता है कि सावन सोमवार के दिन सच्चे मन से मांगी गई हर मनोकामना भगवान शंकर अवश्य पूरी करते हैं। इसी आस्था के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने व्रत रखकर भगवान का पूजन किया और विशेष रुद्राभिषेक संपन्न कराया।

आस्था की झलक
पातालेश्वर और मोक्षधाम मंदिर में दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालुओं ने अपनी मनोकामनाओं के साथ भोलेनाथ के दर्शन किए और मन्नतें मांगीं।

रामेश्वर धाम तक निकली भव्य कांवड़ यात्रा
​सावन के पहले सोमवार के पावन अवसर पर शिव भक्तों द्वारा रामेश्वर धाम तक कांवड़ यात्रा का आयोजन भी किया गया। हाथों में कांवड़ लिए, गेरुआ वस्त्रों में सजे कांवड़िए जल लेकर रामेश्वर धाम की ओर रवाना हुए। रास्ते भर भक्तों का उत्साह देखते ही बन रहा था।
​नगर के सभी छोटे-बड़े शिव मंदिरों में समिति के सदस्यों और स्थानीय लोगों द्वारा दर्शन व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे, जिससे श्रद्धालुओं को दर्शन में कोई परेशानी न हो।

👁️ 1 views Views
Share This Article
Translate »