दैनिक रेवांचल टाईम्स – मंडला।
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर मंडला पुलिस द्वारा महिला सुरक्षा और उनके कानूनी अधिकारों को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम चौकी मनेरी अंतर्गत ग्राम पंचायत मनेरी में आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में बालिकाओं और महिलाओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी देते हुए उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया। इस अवसर पर महिला हेल्पलाइन नंबर 1090, पॉक्सो एक्ट के प्रावधान, मुफ्त विधिक सहायता तथा थानों में दर्ज मामलों की जानकारी प्राप्त करने के अधिकार के बारे में विस्तार से बताया गया।
साथ ही बालिकाओं को आत्मरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए उन्हें सेल्फ डिफेंस, जूडो और कराटे प्रशिक्षण लेने के लिए प्रेरित किया गया, ताकि वे किसी भी आपात स्थिति में अपनी सुरक्षा स्वयं कर सकें।
कार्यक्रम में नए लागू कानून भारतीय न्याय संहिता (BNS) और भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) के तहत महिला अपराधों से जुड़े प्रावधानों की भी जानकारी दी गई। महिलाओं को बताया गया कि किसी भी प्रकार के अपराध की स्थिति में बिना डर के पुलिस में शिकायत दर्ज कराई जा सकती है और पीड़िता की पहचान गोपनीय रखने का अधिकार भी कानून द्वारा सुनिश्चित किया गया है।
इस जागरूकता कार्यक्रम में लगभग 80 से अधिक महिलाओं और बालिकाओं ने सहभागिता की और महिला सुरक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों पर जानकारी प्राप्त की।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना और समाज में सुरक्षा का माहौल बनाना ही मुख्य उद्देश्य है।
