रेवांचल टाइम्स छिंदवाड़ा
जितेन्द्र अलबेला

अग्रणी सामाजिक संस्था सेवा संकल्प वेलफेयर सोसाइटी के तत्वावधान में आज नर सेवा ही नारायण सेवा के संकल्प को चरितार्थ किया गया। स्वर्गीय पं. श्याम स्वरूप शुक्ला की पुण्य स्मृति में आयोजित विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर एवं सेवा सम्मान समारोह सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
खजरी चौक ओवरब्रिज के नीचे स्थित पोस्ट मैट्रिक बालक छात्रावास परिसर में आयोजित इस शिविर में सुबह से ही मरीजों का तांता लगा रहा, जहां शहर के प्रख्यात विशेषज्ञों ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं।
एक छत के नीचे मिले सभी विशेषज्ञ
डॉ. चंद्रकांत विश्वकर्मा एवं संदीप अग्निहोत्री ने बताया कि शिविर में सुबह 11:00 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक विशेषज्ञों ने परामर्श दिया। शिविर की सबसे बड़ी विशेषता यह रही कि यहां एक ही स्थान पर स्त्री रोग, दंत रोग, आयुर्वेद, हृदय एवं मधुमेह, किडनी, बाल रोग, अस्थि रोग और चर्म रोग जैसे गंभीर विषयों के विशेषज्ञों ने जांच की।
इन चिकित्सा विशेषज्ञों का रहा योगदान
सुश्री आराधना शुक्ला एवं डॉ. डी.एस. चौरे के अनुसार, शिविर में सेवा देने वाले प्रमुख चिकित्सकों में:
हृदय व मधुमेह: डॉ. जी.एस. दुबे, डॉ. विकास द्विवेदी, डॉ. मनोज किंकर, डॉ. के.एस. बजाज।
स्त्री रोग: डॉ. नीरजा तिवारी, डॉ. शोभा मोइत्रा, डॉ. प्रीति बघेल।
शिशु रोग: डॉ. अल्पना शुक्ला, डॉ. शुभम बारंगे, डॉ. आशीष अग्रवाल।
अस्थि व चर्म रोग: डॉ. विवेक नाहर, डॉ. नरेंद्र हनोते, डॉ. अभय सिंह एवं डॉ. हितेश भलावी।
अन्य विशेषज्ञ: डॉ. सुधीर शुक्ला (ENT), डॉ. पुष्पेंद्र बघेल (किडनी), डॉ. हितेश मिश्रा (दंत), डॉ. दिलीप खरे (आयुर्वेद) एवं होम्योपैथी व जनरल फिजिशियन की टीम ने सक्रिय योगदान दिया।
निःशुल्क दवाएं और आयुष्मान कार्ड की सुविधा
शिविर में केवल परामर्श ही नहीं, बल्कि निःशुल्क दवाइयों का वितरण भी किया गया। साथ ही मरीजों की बीपी और शुगर जांच भी मौके पर ही मुफ्त की गई। एक विशेष पहल के तहत आशीष वर्मा द्वारा पात्र हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड भी निःशुल्क बनाए गए, ताकि भविष्य में उन्हें शासन की योजनाओं का लाभ मिल सके।
”संस्था का उद्देश्य है कि आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग तक बेहतरीन चिकित्सा सुविधाएं पहुंचें। स्वर्गीय पं. श्याम स्वरूप शुक्ला जी की स्मृति में यह आयोजन समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारी का एक छोटा सा हिस्सा है।”
आयोजक समिति, सेवा संकल्प सोसाइटी
