पायरेटेड कंटेंट पर सरकार का बड़ा एक्शन, टेलीग्राम पर कसा शिकंजा

Revanchal
4
2 Min Read

दिल्ली। केंद्र सरकार ने पायरेटेड फिल्मों और वेब सीरीज के अवैध प्रसार को लेकर मैसेजिंग प्लेटफॉर्म टेलीग्राम पर सख्त रुख अपनाया है। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय (MIB) ने टेलीग्राम को नोटिस जारी कर प्लेटफॉर्म पर चल रहे हजारों पायरेसी चैनलों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।


सरकारी सूत्रों के मुताबिक मंत्रालय को कई ओटीटी प्लेटफॉर्म और कंटेंट मालिकों से शिकायतें मिली थीं कि उनकी फिल्मों और वेब सीरीज को बिना अनुमति टेलीग्राम चैनलों पर साझा किया जा रहा है। जांच के बाद करीब 3,142 टेलीग्राम चैनलों की पहचान की गई, जो अवैध रूप से फिल्मों, वेब सीरीज और अन्य कॉपीराइट सामग्री का प्रसार कर रहे थे


मंत्रालय ने टेलीग्राम को सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 के तहत नोटिस जारी करते हुए इन चैनलों को हटाने या उनकी पहुंच बंद करने का आदेश दिया है। रिपोर्ट के अनुसार प्लेटफॉर्म को निर्देश दिया गया है कि नोटिस मिलने के तीन घंटे के भीतर इन चैनलों पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।


बताया जा रहा है कि कई चैनलों पर लोकप्रिय ओटीटी प्लेटफॉर्म जैसे जियोसिनेमा, अमेजन प्राइम वीडियो और अन्य स्ट्रीमिंग सेवाओं का कंटेंट रिलीज के तुरंत बाद ही अवैध रूप से अपलोड कर दिया जाता था, जिससे कंटेंट कंपनियों को भारी आर्थिक नुकसान होता है।


सरकार का कहना है कि डिजिटल पायरेसी पर रोक लगाने और मनोरंजन उद्योग के कॉपीराइट अधिकारों की रक्षा के लिए यह कदम उठाया गया है। आने वाले समय में ऐसे प्लेटफॉर्म और चैनलों के खिलाफ और भी कड़ी कार्रवाई की जा सकती है।

Share This Article
Translate »