6 शिकायतें और 2 जनसुनवाई आवेदन के बाद भी कार्रवाई नहीं होने से ग्रामवासियों में नाराजगी
दैनिक रेवांचल टाइम्स सिवनी– जनपद पंचायत कुरई अंतर्गत ग्राम पंचायत बिछुआमाल में पदस्थ सचिव श्री अनतलाल गेडाम को हटाने की मांग अब आंदोलन का रूप लेने जा रही है। ग्राम पंचायत के सरपंच, उपसरपंच, पंचगण और ग्रामवासियों ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत कुरई को पत्र सौंपकर 19 जून 2026 से अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन करने की अग्रिम सूचना दी है।
लगातार शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं होने का आरोप
प्रशासन को दिए गए पत्र में बताया गया है कि सचिव के खिलाफ अब तक 6 लिखित शिकायतें और 2 कलेक्टर जनसुनवाई आवेदन प्रस्तुत किए जा चुके हैं। इसके बावजूद आज तक कोई ठोस प्रशासनिक कार्रवाई नहीं की गई है। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि सचिव की कार्यप्रणाली, कथित वित्तीय अनियमितताओं और लापरवाही के कारण पिछले 6 माह से ग्राम के विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
19 जून सुबह 11 बजे से शुरू होगा धरना
ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों ने प्रशासन को अंतिम चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि 19 जून 2026 को सुबह 11 बजे तक सचिव श्री अनतलाल गेडाम को प्रशासनिक आधार पर हटाकर किसी अन्य सचिव की पदस्थापना नहीं की जाती है तो जनपद पंचायत कुरई कार्यालय के सामने अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया जाएगा।
शांतिपूर्ण आंदोलन की दी जानकारी
धरना-प्रदर्शन की सूचना में स्पष्ट किया गया है कि आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण और अहिंसक रहेगा। प्रदर्शन के दौरान किसी प्रकार का मार्ग अवरोध, शासकीय कार्य में बाधा या कानून-व्यवस्था प्रभावित नहीं की जाएगी।
प्रशासन पर बढ़ा दबाव
ग्राम पंचायत बिछुआमाल के इस फैसले से जनपद प्रशासन पर दबाव बढ़ गया है। अब सभी की नजर इस बात पर है कि प्रशासन सचिव के संबंध में कोई निर्णय लेता है या फिर ग्रामीणों का आंदोलन तय समय पर शुरू होता है।
कलेक्टर, एसडीएम और थाना प्रभारी को भी भेजी सूचना
धरना-प्रदर्शन की सूचना की प्रतिलिपि कलेक्टर सिवनी, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कुरई और थाना प्रभारी कुरई को भी भेजी गई है, ताकि कानून-व्यवस्था एवं प्रशासनिक स्तर पर आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।
