रेवांचल टाइम्स छिन्दवाड़ा
विकासखंड चौरई वृत्त के आबकारी अमले को बड़ी सफलता मिली है। आबकारी अमले ने दो शराब तस्करों को पकड़कर उनके कब्जे से 301 पाव देशी मसाला मदिरा, 45 पाव विदेशी मदिरा ऑफिसर्स च्वॉइस व्हिस्की और एक दुपहिया वाहन जब्त किया है। उक्त सफलता कलेक्टर हरेंद्र नारायन के निर्देश एवं सहायक आबकारी आयुक्त बी.आर. वैद्य के मार्गदर्शन में मिली।
23 एवं 24 अगस्त 2026 की मध्य रात्रि में हलाल-चौरई-कुकरई तिराहा के समीप कुकरई मार्ग पर एक दुपहिया वाहन, जिसका नंबर स्पष्ट नहीं है, में सवार दो व्यक्तियों को आबकारी अमले द्वारा रोका गया। दोनों व्यक्ति वाहन रोककर भागने लगे, जिसमें से एक व्यक्ति मौके से फरार हो गया, जबकि दूसरे व्यक्ति को घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।
गवाहों के समक्ष वाहन की तलाशी लेने पर दो नायलॉन के थैलों में भरी कुल 62.28 बल्क लीटर देशी/विदेशी मदिरा बरामद कर जब्त की गई। शराब का अवैध परिवहन कर रहे सिवनी ललमटिया निवासी संदीप पटले को मौके से गिरफ्तार किया गया, जबकि ललमटिया निवासी राकेश राजपूत अंधेरे का लाभ उठाकर मौके से फरार हो गया। दोनों आरोपियों के विरुद्ध धारा 34(1) क एवं 34(2) मध्यप्रदेश आबकारी एक्ट के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। जब्त मदिरा तथा वाहन की कुल अनुमानित कीमत लगभग 60 हजार रुपये है।
प्रभारी सहायक जिला आबकारी अधिकारी राजेश सिंघल, प्रधान आरक्षक राजकुमार यदुवंशी और आरक्षक सुश्री भारती मरकाम उपस्थित थे।
