जहाँ तक जाती है नज़र, वहाँ दिखते हैं सिर्फ नारियल; देश-विदेश से अर्जी लगाने पहुँच रहे हैं श्रद्धालु
रेवांचल टाइम्स छिंदवाड़ा
स्थानीय तिलक मार्केट के समीप स्थित ‘नारियल वाले हनुमान जी’ का सुप्रसिद्ध धाम इन दिनों पूरे देश में आस्था का एक बड़ा केंद्र बना हुआ है। इस दिव्य दरबार की महिमा और विशेषता अपने आप में इतनी अनूठी है कि यहाँ मंदिर परिसर में जहाँ भी नज़र डाली जाए, वहाँ सिर्फ और सिर्फ नारियल ही नारियल दिखाई देते हैं।
ऐसी मान्यता है कि जो भी भक्त यहाँ आकर अपनी मनोकामना की अर्जी लगाता है, पवनपुत्र हनुमान जी उसकी पुकार अवश्य सुनते हैं। मन्नत पूरी होने पर श्रद्धालु यहाँ नारियल भेंट करते हैं, जिन्हें मंदिर की दीवारों पर श्रद्धापूर्वक लटका दिया जाता है। दीवारों पर टंगे ये हज़ारों नारियल यहाँ की अटूट आस्था और बजरंगबली के साक्षात चमत्कारों की गवाही देते हैं।
मन्नत पूरी होने पर ‘नंदीका टाइम्स’ ने जताया आभार
इसी कड़ी में, सुप्रसिद्ध समाचार पत्र ‘नंदिका टाइम्स’ की मनोकामना पूर्ण होने के उपलक्ष्य में धाम परिसर में एक भव्य धार्मिक आयोजन किया गया। ‘नंदिका टाइम्स’ की मुख्य संपादक श्रीमती उषा राऊत के सौजन्य से मंदिर में विशेष महाआरती का आयोजन किया गया, जिसमें भगवान का अलौकिक श्रृंगार कर महाभोग लगाया गया। इसके पश्चात, मंदिर पहुँचे हज़ारों श्रद्धालुओं के लिए विशाल फलाहारी भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें भक्तों ने बड़े ही उत्साह और भक्तिभाव से प्रसाद ग्रहण किया।
देशभर से खिंचे चले आते हैं श्रद्धालु
इस पावन धाम की महिमा केवल छिंदवाड़ा या मध्य प्रदेश तक ही सीमित नहीं है, बल्कि देश के कोने-कोने से लोग यहाँ खिंचे चले आते हैं। मंदिर परिसर में कदम रखते ही एक अद्भुत और दिव्य सकारात्मक ऊर्जा (शक्ति) का अहसास होता है। यही कारण है कि यहाँ साल के बारह महीने भक्तों का ताँता लगा रहता है। श्रद्धालुओं का कहना है कि तिलक मार्केट के इन हनुमान जी के दर से आज तक कोई भी खाली हाथ नहीं लौटा है।
संपादक नंदिका टाइम्स
उषा राऊत, का कहना है कि,यह धाम आस्था का वो समंदर है जहाँ अर्जी लगाने मात्र से जीवन के सारे कष्ट दूर हो जाते हैं। नंदिका टाइम्स परिवार इस दिव्य शक्ति के आगे नतमस्तक है।
