रेवांचल टाइम्स मंडला – घुघरी जनपद पंचायत के अंतर्गत आने वाले लगभग 47 पंचायतों और 96 गांवों के ग्रामीणों के लिए एक बेहद राहत भरी खबर है। अपनी दैनिक आवश्यकताओं और सामग्री की खरीदी के लिए मुख्यालय आने वाले हजारों ग्रामीणों और बस यात्रियों को अब भीषण गर्मी में प्यास बुझाने के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा। जनपद अध्यक्ष श्रीमती जनिया बाई मरावी की अनूठी पहल से अब प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर शीतल पेयजल (वाटर कूलर) की व्यवस्था की जा रही है, जिसका आज विधि-विधान से भूमिपूजन संपन्न हुआ।
होटलों पर निर्भरता होगी खत्म, 4 प्रमुख स्थानों पर हो रहा बोर व वाटर कूलर निर्माण
अब तक घुघरी मुख्यालय या बस स्टैंड आने वाले ग्रामीणों और क्षेत्रवासियों को पीने के पानी के लिए भारी किल्लत का सामना करना पड़ता था। प्यास लगने पर लोगों को मजबूरन इधर-उधर भटकना पड़ता था या होटलों का सहारा लेना पड़ता था। इस जनसमस्या को गंभीरता से लेते हुए जनपद अध्यक्ष ने पेयजल व्यवस्था सुदृढ़ करने का बीड़ा उठाया है।
इन प्रमुख स्थानों पर लगेंगे वाटर कूलर:
- बस स्टैंड परिसर
- त्यागी चौक
- बिछिया रोड
- जनपद पंचायत परिसर
इन सभी स्थानों पर बोर खनन कराने के साथ ही ठंडे पानी के लिए आधुनिक वाटर कूलर स्थापित किए जाएंगे।
₹59 लाख की लागत से हुआ फर्सीकरण, बारिश की कीचड़ से मिली मुक्ति
आपको बता दें कि कुछ दिन पूर्व ही जनपद अध्यक्ष श्रीमती जनिया बाई मरावी एवं समस्त जनपद सदस्यों के विशेष सहयोग से बस स्टैंड परिसर में लगभग 59 लाख रुपए की लागत से फर्सीकरण का कार्य कराया गया है। इससे पहले बारिश के दिनों में बस स्टैंड पर भारी कीचड़ और जलजमाव के कारण यात्रियों को पैर रखने तक की जगह नहीं मिलती थी। इस निर्माण कार्य से अब ग्रामीणों को कीचड़ की समस्या से हमेशा के लिए मुक्ति मिल गई है।
जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में संपन्न हुआ भूमिपूजन
आज जनपद अध्यक्ष श्रीमती जनिया बाई मरावी की अगुवाई में शीतल पेयजल कार्य का भूमिपूजन कार्यक्रम गरिमामय माहौल में संपन्न हुआ। इस अवसर पर क्षेत्र के कई प्रमुख जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से उपस्थित रहे:
- श्रीमती जनिया बाई मरावी (जनपद अध्यक्ष)
- श्री सिहारे करचाम (जनपद उपाध्यक्ष)
- श्रीमती पुष्पा झरिया (जनपद सदस्य)
- श्रीमती यशोदा मरावी (सरपंच, घुघरी)
दुर्गेश चौकसे उपसरपंच घुघरी
- श्री शिवकुमार बैरागी (सचिव)>
ग्रामीणों में हर्ष की लहर: इस विकास कार्य और पेयजल सुविधा की शुरुआत होने से स्थानीय व्यापारियों, बस चालकों और दूर-दराज के गांवों से आने वाले ग्रामीणों ने जनपद पंचायत प्रशासन और अध्यक्ष का आभार व्यक्त किया है।
