दैनिक रेवांचल टाइम्स मंडला– तहसील मुख्यालय घुघरी के ग्राम पंचायत सिंघनपुरी के पसवार टोला में एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार कार ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के समय बाइक पर पति, पत्नी और उनका मासूम बच्चा सवार थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे में मासूम बच्चे के सिर में गंभीर चोट आई। सूचना मिलते ही 108 एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और घायल बच्चे को प्राथमिक उपचार के लिए अमरपुर अस्पताल भेजा गया। घायल दंपति का भी उपचार कराया जा रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार दुर्घटना में शामिल कार चालक का नाम मुकेश अहिरवार बताया जा रहा है, जो पुलिस विभाग में कार्यरत है और मंडला पुलिस लाइन में पदस्थ होने की जानकारी सामने आई है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि पुलिस द्वारा की जानी बाकी है।
घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। हादसे की सूचना पुलिस को दे दी गई है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। यदि जांच में लापरवाही सामने आती है तो संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
