ढेको में 20 जनवरी से संगीतमय श्रीराम कथा का आयोजन

Revanchal
2 Min Read

रेवांचल टाइम्स मंडला बम्हनी बंजर के ग्राम ढेको में आगामी 20 जनवरी से 22 जनवरी तक संगीतमय श्रीराम कथा का आयोजन किया जा रहा है। यह धार्मिक आयोजन ग्राम ढेको निवासी जगदीश सिंगौर श्रीमती विमला सिंगौर के निज निवास पर संपन्न होगा। श्रीराम कथा के आयोजन को लेकर गांव सहित आसपास के क्षेत्र में श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है।


आयोजकों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार श्रीराम कथा का वाचन कथा वाचक वाल व्यास पंडित सुमित महाराज के मुखारबिंद से किया जाएगा। कथा प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक संगीतमय रूप में प्रस्तुत की जाएगी। भजन, कीर्तन और मधुर संगीत के माध्यम से भगवान श्रीराम के जीवन चरित्र, आदर्शों और मर्यादा पुरुषोत्तम के गुणों का भावपूर्ण वर्णन किया जाएगा।


इस तीन दिवसीय आयोजन के दौरान प्रभु श्रीराम के जन्म, वनवास, सीता स्वयंवर, राम-रावण युद्ध सहित अनेक प्रसंगों का जीवंत वर्णन किया जाएगा। कथा के माध्यम से श्रद्धालुओं को धर्म, भक्ति, संस्कार और मानव जीवन के मूल्यों की प्रेरणा मिलेगी। आयोजकों ने कथा स्थल पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की हैं।


श्रीराम कथा आयोजन सिंगौर परिवार ने ग्राम ढेको सहित आसपास के सभी श्रद्धालु भक्तों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस पुण्य अवसर का लाभ लें और श्रीराम कथा श्रवण कर अपने जीवन को धर्ममय बनाएं।

👁️ 2 views Views
Share This Article
Translate »