घुघरी पुलिस की अनोखी पहल: अब केरल जाने वाले हर यात्री पर रहेगी नजर, साइबर ठगी और मानव तस्करी रोकने के लिए सख्त निगरानी

Revanchal
2 Min Read

रेवांचल टाइम्स मंडला – तहसील मुख्यालय घुघरी से रोजगार के लिए केरल सहित अन्य राज्यों में जाने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर थाना प्रभारी घुघरी ने एक महत्वपूर्ण और सराहनीय पहल शुरू की है। लगातार सामने आ रहे साइबर धोखाधड़ी, फर्जी नौकरी के झांसे और मानव तस्करी जैसे मामलों को देखते हुए अब ऐसे सभी लोगों की जानकारी जुटाई जाएगी जो क्षेत्र से बाहर काम करने जा रहे हैं।


थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि बाहर जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के पास ग्राम पंचायत से जारी लिखित प्रमाण होना चाहिए, जिसमें यह उल्लेख हो कि संबंधित व्यक्ति अपनी स्वेच्छा से रोजगार के लिए जा रहा है। साथ ही उसके परिजनों की जानकारी और सहमति भी दर्ज रहेगी, ताकि भविष्य में किसी भी अप्रिय घटना या धोखाधड़ी की स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।
इस दौरान पुलिस द्वारा नाबालिगों की सुरक्षा, मानव तस्करी की रोकथाम तथा ‘सेफ क्लिक’ अभियान के तहत साइबर अपराधों, डिजिटल अरेस्ट, फर्जी नौकरी के ऑफर, ऑनलाइन ठगी और सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाले अपराधों के प्रति लोगों को विस्तार से जागरूक किया गया।

पुलिस ने लोगों से अपील की कि किसी भी अनजान व्यक्ति के झांसे में न आएं और बिना पूरी जानकारी के किसी एजेंट या दलाल के माध्यम से बाहर न जाएं।


घुघरी क्षेत्र से हर वर्ष बड़ी संख्या में मजदूर रोजगार के लिए केरल जाते हैं। ऐसे में पुलिस की यह पहल न केवल उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करेगी, बल्कि फर्जी एजेंटों और साइबर अपराधियों पर भी प्रभावी अंकुश लगाने में मददगार साबित हो सकती है। स्थानीय नागरिकों ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे समय की आवश्यकता बताया है।

👁️ 6 views Views
Share This Article
Translate »