श्मशान घाट की सड़क में भ्रष्टाचार की बू — बिना बेस डाले बनाया जा रहा सीसी रोड !

Revanchal
6
2 Min Read


दैनिक रेवांचल टाइम्स, – मंडला, जिले की जनपद पंचायत मोहगांव की ग्राम पंचायत मोहगांव में श्मशान घाट तक पहुंच मार्ग के लिए बनाए जा रहे सीसी रोड निर्माण कार्य पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य पूरी तरह गुणवत्ता विहीन तरीके से कराया जा रहा है, लेकिन जिम्मेदार जनपद पंचायत के अधिकारी आंखें मूंदे बैठे हुए हैं।


बताया जा रहा है कि निर्माण स्थल पर बिना किसी मजबूत बेस डाले सीधे 20mm और 30mm गिट्टी के साथ 10mm मेटल डालकर सीसी रोड तैयार किया जा रहा है। निर्माण कार्य में तकनीकी मानकों की खुलेआम अनदेखी की जा रही है, जिससे सड़क की मजबूती और टिकाऊपन पर सवाल उठना लाजमी है।


सबसे बड़ी विडंबना यह है कि जिस श्मशान घाट की आवश्यकता हर मौसम — बरसात, गर्मी और ठंड — में आम लोगों को पड़ती है, उसी महत्वपूर्ण मार्ग के निर्माण में भारी लापरवाही बरती जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि आखिर मोहगांव में ही इस तरह के घटिया निर्माण कार्य क्यों देखने को मिलते हैं? क्या यहां नियम-कायदे सिर्फ कागजों तक सीमित हैं?
सूत्रों की मानें तो ऐसे कई निर्माण कार्यों को जानबूझकर शनिवार और रविवार के दिन कराया जाता है, ताकि अधिकारियों की निगरानी से बचा जा सके और शिकायत होने पर भी जिम्मेदार विभाग अपनी “इज्जत बचाने” में सफल हो जाए। यही वजह है कि जनपद पंचायत के जिम्मेदार अधिकारी पूरे मामले में चुप्पी साधे हुए हैं।


ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर से मांग की है कि उक्त निर्माण कार्य की तकनीकी जांच कराई जाए तथा दोषी ठेकेदार, उपयंत्री और संबंधित अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि सरकारी राशि का दुरुपयोग रोका जा सके और जनता को गुणवत्तापूर्ण निर्माण मिल सके।

Share This Article
Translate »