24 घंटे में समाधान का भरोसा
दैनिक रेवांचल टाइम्स | मंडला, जिले की ग्राम पंचायत धनगांव में पेयजल संबंधी शिकायत सामने आने के बाद प्रशासन और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (पीएचई) ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए त्वरित कार्रवाई की है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के माध्यम से शिकायत प्राप्त होते ही पीएचई विभाग, ग्राम पंचायत और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची तथा समस्या के समाधान के लिए प्रभावी पहल शुरू कर दी गई।
पीएचई विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत धनगांव के अंतर्गत 6 ग्राम एवं 17 बसाहटें/टोले शामिल हैं। पंचायत क्षेत्र में कुल 33 हैंडपंप सुचारू रूप से संचालित हैं। इसके अलावा पंचायत में 604 घरेलू नल कनेक्शन पूर्ण किए जा चुके हैं और नल-जल योजना नियमित रूप से संचालित हो रही है।
विभागीय अधिकारी मनोज भास्कर ने बताया कि मुख्य आबादी से लगभग 900 मीटर दूर एक दूरस्थ बसाहट में वर्तमान में केवल तीन परिवार ही निवास कर रहे हैं। पाइपलाइन विस्तार किए जाने के बावजूद कम जलदाब के कारण वहां पानी नहीं पहुंच पा रहा है। मजबूरी में ग्रामीण झिरी बनाकर अपनी दैनिक जरूरतों के लिए पानी की व्यवस्था कर रहे थे।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार क्षेत्र की भौगोलिक विषम परिस्थितियों और दूरस्थता के बावजूद लगभग एक माह पूर्व यहां ट्यूबवेल खनन कराया गया था, लेकिन उस समय जलस्तर कम होने के कारण प्रयास सफल नहीं हो सका। अब सोशल मीडिया के माध्यम से शिकायत मिलने के बाद विभागीय अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि 24 घंटे के भीतर समस्या का स्थायी समाधान कर नियमित पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा।
ग्रामीणों ने प्रशासन एवं पीएचई विभाग की त्वरित कार्रवाई और संवेदनशील पहल की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया है।
तो वही विभाग की इस तात्कालिक सेवाओं को देख कर आम जनता सराहना के साथ ही साथ यह बोलने से भी नहीं चूक रही है कि काश आने वाले भविष्य में भी ऐसी ही सेवाएं यदि आम जनता को मिलती रहें तो आदिवासी बैगा बाहुल्य जिला मंडला में पेय जल की समस्याओं से रूबरू नहीं होना पड़ेगा।
