रेवांचल टाइम्स छिंदवाड़ा
भीषण गर्मी के इस दौर में मरीजों एवं उनके परिजनों को राहत प्रदान करने हेतु शासकीय सेवक वेलफेयर सोसायटी छिंदवाड़ा द्वारा जिला अस्पताल छिंदवाड़ा के गायनिक वार्ड में ठंडी हवा हेतु कूलर भेंट किया गया। इस सेवा कार्य से वार्ड में भर्ती माताओं, नवजात शिशुओं एवं उनके परिजनों को भीषण गर्मी से राहत मिल सकेगी।
इस पुण्य कार्य में सोसायटी की संरक्षक सदस्य श्रीमती सीमा भारती, सेवा निवृत्त कलेक्टर कार्यालय छिंदवाड़ा द्वारा 5000 रुपये तथा शिक्षा विभाग की एक मेडम द्वारा गुप्त दान स्वरूप 3000 रुपये की सहयोग राशि प्रदान की गई। दोनों दानदाताओं के सहयोग से यह जनहितकारी कार्य पूर्ण किया गया।
सोसायटी के अध्यक्ष सतीश गोड़ाने ने कहा कि मानव सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है तथा जरूरतमंदों की सहायता करना समाज के प्रत्येक व्यक्ति की नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने इस पहल को समाज के लिए प्रेरणादायी बताते हुए कहा कि ऐसे सेवा कार्य समाज में संवेदनशीलता एवं सेवा भावना को मजबूत करते हैं।
इस अवसर पर श्रीमती सुधा नागवंशी, श्रीमती सोनल बंदेवार एवं उनका परिवार, श्रीमती नीलू पवार, मोहित सूर्यवंशी सहित जिला अस्पताल के स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित रहे। अस्पताल के स्वास्थ्य कर्मचारियों ने शासकीय सेवक वेलफेयर सोसायटी के इस सराहनीय सेवा कार्य के लिए आभार व्यक्त किया।
