रेवांचल टाइम्स पवई पन्ना
पवई। कलेक्टर उषा परमार ने गुरुवार को पवई नगर का दौरा कर विभिन्न शासकीय संस्थानों एवं निर्माणाधीन परियोजनाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने सांदीपनि विद्यालय, छात्रावास, नवनिर्मित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, उप जेल सहित अन्य स्थलों का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सांदीपनि विद्यालय का संचालन तीन शैक्षणिक सत्र बीत जाने के बाद भी शुरू नहीं होने पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को हैंडओवर प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कर जुलाई माह से विद्यालय संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अनुसूचित जाति छात्रावास भवन में दरारों की शिकायत मिलने पर कलेक्टर ने छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए वैकल्पिक भवन में छात्रावास संचालित करने के निर्देश दिए। वहीं करोड़ों रुपये की लागत से निर्मित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवन का निरीक्षण कर बाउंड्री वॉल सहित शेष कार्यों की जानकारी ली और अस्पताल को शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए।
दौरे के दौरान उन्होंने उप जेल पवई का निरीक्षण कर परिसर में वृक्षारोपण भी किया।
इस दौरान पत्रकारों ने जलावर्धन योजना, हनुमान भाटे मार्ग निर्माण, छत्रसाल स्टेडियम की बाउंड्री वॉल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के शुभारंभ तथा नया खेड़ा स्थित आदिवासी प्राथमिक विद्यालय के वर्षों से बंद होने जैसी समस्याओं को कलेक्टर के समक्ष रखा। कलेक्टर ने सभी मुद्दों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम समीक्षा जैन, तहसीलदार रत्न राशि पाण्डेय, सहायक संचालक हुकुम सिंह यादव, बीईओ संतोष कुमार गौतम, प्राचार्य राम कृष्ण नगायच सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
