बजाग । विकासखंड करंजिया के ग्राम उमरिया में निर्माणाधीन उपस्वास्थ्य केंद्र के भवन में गुणवत्ता को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। भवन का निर्माण कार्य अभी पूर्ण भी नहीं हुआ है, लेकिन दीवारों में कई स्थानों पर लंबी दरारें दिखाई देने लगी हैं। इससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं।
मौके पर देखी गई स्थिति के अनुसार, भवन की दीवारों में ऊपरी हिस्से में दरारें साफ नजर आ रही हैं। वहीं छत और दीवारों के जोड़ वाले हिस्से में सीलन के निशान भी दिखाई दे रहे हैं। प्लास्टर के नीचे उभरी दरारें इस बात की ओर संकेत करती हैं कि भवन में शुरुआती स्तर पर ही संरचनात्मक या निर्माण गुणवत्ता संबंधी समस्या हो सकती है। यदि समय रहते इसकी तकनीकी जांच और आवश्यक सुधार नहीं किए गए, तो भविष्य में भवन की मजबूती प्रभावित होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
निर्माण स्थल पर पारदर्शिता के लिए आवश्यक सूचना बोर्ड भी नहीं लगाया गया है। इससे स्थानीय लोगों को भवन की स्वीकृत लागत, कार्य प्रारंभ एवं पूर्णता तिथि, निर्माण एजेंसी तथा अन्य महत्वपूर्ण जानकारी उपलब्ध नहीं हो पा रही है।
इस संबंध में विभागीय इंजीनियर से जानकारी लेने पर उन्होंने बताया कि निर्माण स्थल पर सूचना बोर्ड नहीं लगाया जाना ठेकेदार की कमी है। इस संबंध में ठेकेदार को पत्र जारी कर सूचना बोर्ड तत्काल लगाने के निर्देश दिए गए हैं। सवाल यह है कि निर्माण अंतिम चरणों में जिसके बाद भी मौके पर सूचना बोर्ड नही लगाकर लोगो से जानकारी छुपाई जा रही है
स्थानीय लोगों का कहना है कि लाखों रुपये की लागत से बन रहे इस उपस्वास्थ्य केंद्र में यदि निर्माण के दौरान ही दरारें और सीलन दिखाई देने लगी है, तो निर्माण की गुणवत्ता की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जानी चाहिए। ग्रामीणों ने निर्माण कार्य की तकनीकी जांच कराकर आवश्यक सुधार कराने की मांग की है।
इनका कहना है कंस्ट्रक्शन ज्वाइंट पर क्रैक एयर की वजह से हो सकते है में चेक करवा लेती हु। सूचना बोर्ड के लिए पत्र जारी किया गया है
सुरुचि परते इंजीनियर
