रेवांचल टाइम्स पन्ना
जिला कांग्रेस कमेटी पन्ना ने जिले की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर शनिवार को कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। कलेक्टर की अनुपस्थिति में ज्ञापन अपर कलेक्टर को सौंपा गया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष अनीस खान ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो कांग्रेस पार्टी जनहित में बड़ा आंदोलन करने को बाध्य होगी।
ज्ञापन में अवैध शराब बिक्री, अघोषित बिजली कटौती, अवैध कॉलोनियों के निर्माण तथा नगर पालिका क्षेत्र के नवगठित वार्डों में विकास कार्यों की अनदेखी जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया है।
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि शहर में प्रतिबंधों के बावजूद अवैध रूप से शराब की होम डिलीवरी का कारोबार जारी है। वहीं पहाड़ी खेड़ा रोड स्थित रामबाग मंदिर के समीप मांस एवं मछली की दुकानें नियमों के विपरीत संचालित हो रही हैं, जिन पर प्रशासन द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है।
ज्ञापन में नगर पालिका सीमा विस्तार के बाद शामिल किए गए नए वार्डों की बदहाल स्थिति का भी उल्लेख किया गया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि इन क्षेत्रों में सड़क, शुद्ध पेयजल, स्ट्रीट लाइट, सफाई एवं नाली जैसी मूलभूत सुविधाओं का अभाव है, जिससे स्थानीय नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
भीषण गर्मी के बीच अघोषित बिजली कटौती का मुद्दा उठाते हुए कांग्रेस ने कहा कि विद्युत वितरण कंपनी बिना पूर्व सूचना के लंबे समय तक बिजली आपूर्ति बाधित कर रही है। शिकायत करने पर उपभोक्ताओं के साथ संतोषजनक व्यवहार नहीं किया जाता। साथ ही किसानों की भूमि पर बिना उचित मुआवजे के बिजली पोल लगाए जाने की शिकायत भी ज्ञापन में शामिल की गई है।
जिला कांग्रेस ने जिले में तेजी से विकसित हो रही अवैध कॉलोनियों पर भी चिंता जताई। ज्ञापन में कहा गया कि रेरा नियमों की अनदेखी कर भू-माफियाओं द्वारा बिना मूलभूत सुविधाओं के प्लॉट बेचे जा रहे हैं, जिससे आम नागरिक ठगी और परेशानियों का शिकार हो रहे हैं।
जिला कांग्रेस कमेटी ने प्रशासन से मांग की है कि सभी मुद्दों पर गंभीरता से संज्ञान लेते हुए शीघ्र कार्रवाई की जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।
ज्ञापन सौंपने के दौरान संगठन महासचिव राज बहादुर पटेल, उपाध्यक्ष शशिकांत दीक्षित, अल्पसंख्यक विभाग अध्यक्ष कादिर खान, ब्लॉक अध्यक्ष श्रीमती रमा बुंदेला, शिवप्रकाश दीक्षित, मीडिया प्रभारी राकेश शर्मा, प्रवक्ता दीपक तिवारी, अंकित शर्मा, मुस्ताक खान सहित कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
