रेवांचल टाइम्स मंडला– तहसील घुघरी में खाद वितरण को लेकर किसानों की नाराजगी सामने आई है। किसानों ने एक खाद विक्रेता पर निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर खाद बेचने तथा वितरण प्रक्रिया में अनियमितता बरतने के आरोप लगाए हैं। मामले को लेकर किसानों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है और जल्द ही प्रशासन के समक्ष साक्ष्यों के साथ शिकायत प्रस्तुत किए जाने की बात कही जा रही है।
सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार घुघरी के खाद एवं बीज विक्रेता आदित्य नारायण के विरुद्ध किसानों ने आरोप लगाया है कि उन्हें निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर खाद उपलब्ध कराई जा रही है। किसानों का कहना है कि शासन द्वारा खाद और बीज उचित मूल्य पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए जाते हैं, लेकिन इसका लाभ जमीनी स्तर पर किसानों तक नहीं पहुंच पा रहा है।
किसानों ने यह भी आरोप लगाया है कि टोकन जारी होने के बाद तय तिथि पर खाद का वितरण नहीं किया जाता, जिससे उन्हें बार-बार परेशान होना पड़ता है। आरोप है कि बाद में नए टोकन जारी कर अधिक कीमत पर खाद बेची जाती है। इतना ही नहीं, पूर्व में जारी टोकन पर अंकित खाद की मात्रा में भी फेरबदल किए जाने की शिकायत किसानों द्वारा की जा रही है।
किसानों का कहना है कि खेती के महत्वपूर्ण सीजन में खाद की आवश्यकता अधिक रहती है और ऐसे समय में अनियमितता तथा ओवररेटिंग से उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। किसानों ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
किसानों की प्रमुख मांगें
निर्धारित सरकारी दर पर खाद उपलब्ध कराई जाए।
खाद वितरण में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए।
टोकन व्यवस्था की जांच कराई जाए।
अधिक मूल्य वसूली और अनियमितता पाए जाने पर संबंधित विक्रेता के विरुद्ध कार्रवाई की जाए।
किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वे साक्ष्यों के साथ सामूहिक रूप से शिकायत दर्ज कराकर आंदोलन का रास्ता अपनाने पर मजबूर होंगे।
हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। प्रशासनिक जांच के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी
