श्री सिद्ध घाट रेवा दरबार, मण्डला में महाप्रभु श्री जगन्नाथ स्वामी का दिव्य ज्येष्ठाभिषेक (महाअभिषेक/शाही स्नान) श्रद्धा एवं वैदिक परम्परा के साथ सम्पन्न

Revanchal
2 Min Read

🙏 नर्मदे हर 🙏
॥ जय जगन्नाथ ॥

दैनिक रेवांचल टाइम्स मण्डला। महाप्रभु श्री जगन्नाथ स्वामी के पावन प्राकट्योत्सव के शुभ अवसर पर श्री सिद्ध घाट रेवा दरबार, मण्डला में भगवान श्री जगन्नाथ स्वामी का ज्येष्ठाभिषेक (महाअभिषेक/शाही स्नान) अत्यंत श्रद्धा, भक्ति एवं वैदिक मंत्रोच्चार के मध्य दिव्य वातावरण में सम्पन्न हुआ।
प्रातःकाल मंगलध्वनि, शंखनाद तथा घंटा-घड़ियाल की पावन ध्वनि के साथ महाप्रभु के श्रीविग्रह का शास्त्रोक्त विधि-विधान से महाअभिषेक किया गया। इस पुण्य अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उपस्थित होकर महाप्रभु के दर्शन किए तथा कृपा-प्रसाद प्राप्त कर स्वयं को धन्य अनुभव किया।
विशेष बात यह रही कि शास्त्री श्री रामगोपाल दुबे (नीलू महाराज) इन दिनों श्री जगन्नाथपुरी धाम में विराजमान हैं। उन्होंने वहीं से ऑनलाइन माध्यम द्वारा जुड़कर पूरे महाअभिषेक का मार्गदर्शन प्रदान किया, जिससे सम्पूर्ण अनुष्ठान श्री जगन्नाथपुरी की परम्पराओं एवं मर्यादाओं के अनुरूप सम्पन्न हो सका। वहीं पंडित श्री अनिल पाण्डेय एवं पंडित श्री इन्द्रमणि पाठक ने वैदिक मंत्रों के सस्वर उच्चारण के साथ श्रद्धापूर्वक अभिषेक सम्पन्न कराया।


श्री सिद्ध घाट रेवा दरबार का सतत प्रयास है कि महाप्रभु श्री जगन्नाथ स्वामी से जुड़े प्रत्येक धार्मिक अनुष्ठान को श्री जगन्नाथपुरी की सनातन परम्पराओं एवं शास्त्रीय मर्यादाओं के अनुरूप सम्पन्न किया जाए। सेवाधर्मी स्वयं को महाप्रभु का सेवक मानते हुए उनकी कृपा से प्रत्येक सेवा को श्रद्धा, समर्पण और शास्त्रसम्मत भावना के साथ निरंतर संपन्न करने का विनम्र प्रयास कर रहे हैं।
इस अवसर पर संध्या आरती मंच के समस्त सेवाधर्मी कार्यकर्ताओं, नगर के श्रद्धालुओं तथा प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी भक्तों के प्रति हृदय से कृतज्ञता व्यक्त की गई।
महाप्रभु श्री जगन्नाथ स्वामी की असीम कृपा समस्त भक्तों पर सदैव बनी रहे।
महाप्रभु का चरण सेवक
संध्या आरती मंच
श्री सिद्ध घाट रेवा दरबार, मण्डला (म.प्र.)
॥ जय जगन्नाथ ॥
॥ माँ रेवा की जय ॥
॥ नर्मदे हर ॥

👁️ 62 views Views
Share This Article
Translate »