नरसिंहपुर, 28 फरवरी 2026। रेलवे हॉस्पिटल नरसिंहपुर में होली एवं बसंत उत्सव के अवसर पर पश्चिम मध्य रेलवे के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. आर.आर. कुर्रे ने जिलेवासियों एवं समस्त देशवासियों को होली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने इस अवसर पर सभी नागरिकों से सुरक्षित, सावधानीपूर्वक एवं हर्बल रंगों के साथ होली खेलने की अपील की।

डॉ. कुर्रे ने बताया कि होली रंगों का पवित्र एवं आनंद का पर्व है, लेकिन इसमें उपयोग होने वाले गहरे एवं कृत्रिम (केमिकल) रंग स्वास्थ्य के लिए गंभीर नुकसान पहुंचा सकते हैं।
उन्होंने कहा कि सिल्वर, काला, गहरा लाल जैसे रंगों में लेड (सीसा) एवं अन्य हानिकारक तत्व पाए जाते हैं, जो आंखों की रोशनी को नुकसान पहुंचा सकते हैं तथा त्वचा रोग और स्किन कैंसर की संभावना बढ़ा सकते हैं। वहीं सिंथेटिक रंग जैसे रेड, येलो एवं ब्लू बच्चों के लिवर एवं मानसिक स्वास्थ्य पर विपरीत प्रभाव डाल सकते हैं तथा हाइपर एक्टिविटी (ADHD) जैसी समस्याओं का कारण बन सकते हैं।
उन्होंने नागरिकों को सलाह दी कि होली खेलते समय त्वचा एवं बालों में पहले से नारियल तेल लगा लें, जिससे रंगों का दुष्प्रभाव कम हो सके। साथ ही फुल स्लीव सूती कपड़े पहनने चाहिए और आंखों की सुरक्षा के लिए चश्मे का उपयोग करना चाहिए। रंग खेलने के दौरान बच्चों, बुजुर्गों एवं गर्भवती महिलाओं का विशेष ध्यान रखने एवं उनकी सहमति के बिना रंग न लगाने की अपील भी की गई।
डॉ. कुर्रे ने बताया कि रंग छुड़ाने के लिए हल्के गुनगुने पानी एवं साबुन का उपयोग करें और त्वचा को अधिक रगड़ने से बचें, क्योंकि इससे त्वचा को नुकसान हो सकता है। यदि आंखों में जलन या लालपन हो तो साफ पानी से धोएं और आवश्यकता होने पर चिकित्सकीय सलाह के अनुसार आई ड्रॉप का उपयोग करें। एलर्जी होने पर सेटिरिज़िन तथा दर्द होने पर पैरासिटामोल लिया जा सकता है, लेकिन गंभीर स्थिति में तुरंत चिकित्सक से संपर्क करना आवश्यक है।
अंत में डॉ. आर.आर. कुर्रे ने सभी नागरिकों से हर्बल एवं सुरक्षित होली खेलने, स्वास्थ्य का ध्यान रखने और प्रेम एवं सौहार्द के साथ इस पर्व को मनाने की अपील की।
“होली खेलें, स्वस्थ रहें, मस्त रहें — जय हिंद, जय भारत।”
