प्रधान जिला न्यायाधीश ने जिला जेल का किया औचक निरीक्षण

Revanchal
22
2 Min Read

उच्च न्यायालय एवं म.प्र. राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशन में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष शरत चन्द्र सक्सेना ने गत गुरूवार को जिला जेल पन्ना का औचक निरीक्षण किया।

इस मौके पर जेल पाकशाला में भोजन व्यवस्था व अनाज की गुणवत्ता देखी। इसके उपरांत पुरूष एवं महिला बैरक, जेल अस्पताल, व्हीसी कक्ष, कियोस्क, भेंट एवं उद्यमिता कक्ष इत्यादि का अवलोकन कर स्वच्छता एवं हाईजीन संबंधी जानकारी ली। जेल किचन में रोटी भट्टी के पुर्ननिर्माण के निर्देश दिए।

इस दौरान कुछ बंदियों द्वारा नियमित रूप से वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के जरिए न्यायालयों में पेशी न कराए जाने संबंधी जानकारी दी गई। इस पर जेल प्रशासन को सभी बंदियों की व्हीसी के माध्यम से न्यायालय के समक्ष उपस्थिति सुनिश्चित कराने के लिए निर्देशित किया गया।
प्रधान जिला न्यायाधीश द्वारा सभी बंदियों से मुक्त चर्चा कर उनकी समस्याओं व प्रकरणों की जानकारी ली गई तथा बंदियों द्वारा बताई गई समस्याओं के निदान के लिए जेल प्रशासन व लीगल एड डिफेंस कांउसिल को निर्देशित किया गया।

उचित मामलों में न्यायालय तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा उच्च न्यायालय में अपील के लिए निःशुल्क निर्णय प्रति प्रदान करने तथा निरीक्षण के दौरान पाई गई कमियों में सुधार के लिए जेल प्रशासन को दिशा निर्देश दिए गए।

यूटीआरसी द्वारा अनुशंसित बंदियों के जमानत एवं रिहाई के संबंध में भी जानकारी ली गई। निरीक्षण के दौरान प्राधिकरण के सचिव राजकुमार गौड़ एवं वरिष्ठ जेल प्रहरी रामपाल कुशवाहा सहित समस्त जेल कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

Share This Article
Translate »