पन्ना में थाना प्रभारी समेत 4 पर FIR, जबरन वसूली का आरोप

Revanchal
1 Min Read


मध्यप्रदेश के पन्ना जिले के मड़ला थाना में पदस्थ थाना प्रभारी रचना पटेल सहित चार लोगों के खिलाफ जबरन वसूली, धमकी और बंधक बनाकर पैसे लेने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों पर BNS की धारा 308(6) समेत अन्य धाराओं में FIR दर्ज की है।


शिकायत रीवा निवासी व्यापारी शंकर लाल सोनी द्वारा की गई, जिन्होंने आरोप लगाया कि बागेश्वर धाम से लौटते समय उन्हें रोककर वाहन में गांजा होने की बात कही गई और झूठे NDPS केस में फंसाने की धमकी देकर करीब 95 हजार रुपये वसूल किए गए। पीड़ित के अनुसार उनसे ऑनलाइन माध्यम से रकम ट्रांसफर करवाई गई।


मामले में थाना प्रभारी रचना पटेल, एएसआई रज्जाक खान, प्रधान आरक्षक रामशरण अहिरवार और एक अन्य व्यक्ति बृजेश यादव के खिलाफ कार्रवाई की गई है। पन्ना पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पहले संबंधित पुलिसकर्मियों को निलंबित किया और बाद में FIR दर्ज कराई।


इस मामले के सामने आने के बाद पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं, वहीं एसपी की त्वरित कार्रवाई की चर्चा पूरे क्षेत्र में हो रही है।

👁️ 6 views Views
Share This Article
Translate »