एकतरफा प्यार में सनकी नाबालिग ने किशोरी को मारी गोली, 24 घंटे में गिरफ्तार

Revanchal
2 Min Read

रेवांचल टाइम्स पवई पन्ना

पन्ना। जिले के सिमरिया थाना क्षेत्र में एकतरफा प्यार का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बातचीत बंद करने से नाराज एक नाबालिग लड़के ने सो रही किशोरी के सिर में गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल किशोरी का इलाज दमोह जिला अस्पताल में जारी है, जहां उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी नाबालिग और किशोरी के बीच पहले जान-पहचान थी। कुछ समय से किशोरी ने आरोपी से दूरी बना ली थी और उससे बातचीत करना बंद कर दिया था। इसी बात से नाराज होकर आरोपी ने वारदात को अंजाम देने की योजना बनाई।


बताया गया है कि 6 जून की सुबह करीब 4 बजे किशोरी अपने घर की छत पर सो रही थी। इसी दौरान आरोपी वहां पहुंचा और पीछे से अवैध कट्टे से उसके सिर में गोली मार दी। गोली लगते ही किशोरी गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गया।


घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर दमोह जिले के उदयपुर गांव से आरोपी नाबालिग को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।


पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त अवैध कट्टा और कारतूस भी बरामद कर लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
मोहन्द्रा चौकी प्रभारी दीपक सिंह भदौरिया ने बताया कि पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है तथा घटना में इस्तेमाल हथियार भी जब्त कर लिया गया है। वहीं घायल किशोरी का उपचार जारी है और पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

👁️ 6 views Views
Share This Article
Translate »