रेवांचल टाइम्स पन्ना
अजयगढ़। अजयगढ़ थाना क्षेत्र के लोढ़ापुरवा गांव की बीएससी अंतिम वर्ष की छात्रा एवं कॉलेज टॉपर सृष्टि उर्फ प्रिया मिश्रा के आत्महत्या मामले में नया मोड़ सामने आया है। मामले में मृतिका द्वारा कथित रूप से बनाया गया वीडियो, सुसाइड नोट और मोबाइल चैटिंग के कई साक्ष्य जांच के केंद्र में आ गए हैं।

जानकारी के अनुसार, छात्रा ने आत्महत्या से पहले एक वीडियो बनाया था, जिसमें वह रोते हुए अपनी परेशानी का जिक्र करती दिखाई दे रही है। वहीं, एक लिखित सुसाइड नोट भी सामने आया है। सुसाइड नोट में छात्रा ने भीना गांव निवासी बड़कू ठाकुर पर ब्लैकमेल करने तथा गलत कार्यों के लिए दबाव बनाने के आरोप लगाए हैं।
बताया जा रहा है कि छात्रा ने अपने सुसाइड नोट में स्पष्ट रूप से लिखा है कि उसकी आत्महत्या के लिए उसके माता-पिता और परिवार के अन्य सदस्य जिम्मेदार नहीं हैं। उसने अपने परिजनों को पूरी तरह निर्दोष बताया है।
परिजनों का आरोप है कि लंबे समय से प्रताड़ना और मानसिक दबाव के कारण छात्रा तनाव में थी। मृतिका के पिता ने भी बड़कू ठाकुर पर उनकी बेटी को परेशान करने और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के आरोप लगाए हैं।
सूत्रों के अनुसार, पुलिस को मृतिका के मोबाइल फोन से कुछ चैटिंग और अन्य डिजिटल साक्ष्य भी मिले हैं, जिनकी जांच की जा रही है। इन साक्ष्यों के आधार पर पुलिस पूरे घटनाक्रम की पड़ताल कर रही है।
गौरतलब है कि सृष्टि मिश्रा ने हाल ही में बीएससी अंतिम वर्ष की परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अजयगढ़ कॉलेज में शीर्ष स्थान प्राप्त किया था। टॉपर छात्रा की आत्महत्या से क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।
अजयगढ़ थाना पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। वीडियो, सुसाइड नोट, मोबाइल चैट और अन्य साक्ष्यों का परीक्षण किया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
नोट: आत्महत्या के कारणों और आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल पुलिस मामले की विवेचना कर रही है।
