नरसिंहपुर। जिले के गौरवशाली एवं समाज सेवा में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तित्वों के सम्मान हेतु “उत्कृष्ट नागरिक सम्मान समारोह” का आयोजन दिनांक 5 अप्रैल 2026 (रविवार) को पी.जी. कॉलेज ऑडिटोरियम में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले नागरिकों को सम्मानित किया गया, जिनमें डॉ. आर.आर. कुर्रे को विशेष रूप से उत्कृष्ट नागरिक सम्मान प्रदान किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश सरकार के पंचायत एवं ग्रामीण विकास एवं श्रम विभाग के कैबिनेट मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल उपस्थित रहे। साथ ही सांसद दर्शन सिंह चौधरी, पूर्व राज्यमंत्री जालम सिंह पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष राम स्नेही पाठक, नगर पालिका अध्यक्ष नीरज दुबे, कलेक्टर रजनी सिंह एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना सहित अनेक जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
समारोह का उद्देश्य समाज के उन व्यक्तियों को सम्मानित करना रहा, जो अपने कार्यों के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों को प्राथमिकता देते हुए जनसेवा में निरंतर योगदान दे रहे हैं। आयोजकों ने कहा कि समाज विभिन्नताओं से परिपूर्ण है और हर व्यक्ति अपनी भूमिका निभाते हुए समाज को आगे बढ़ाता है, लेकिन जो लोग अपने कर्तव्यों से आगे बढ़कर समाजहित में कार्य करते हैं, वे प्रेरणा के स्रोत बनते हैं और इतिहास में अपना स्थान बनाते हैं।
पत्रकार फाउंडेशन द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में सामाजिक, प्रशासनिक, राजनैतिक, धार्मिक, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण, खेल, स्वच्छता एवं ग्राम उत्थान जैसे अनेक क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तित्वों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में जागरूकता बढ़ाने, सकारात्मक सोच विकसित करने और नई पीढ़ी को प्रेरित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
समापन अवसर पर आयोजकों ने जिलेवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन आगे भी निरंतर किए जाते रहेंगे, जिससे समाज के उत्कृष्ट कार्यों को पहचान और सम्मान मिल सके।
