केंद्र सुबह 8 से रात्रि 8 बजे तक खोलने के निर्देश
मंडला, 6 मई 2026
कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे ने बुधवार को महाकौशल विपणन सहकारी समिति लालीपुर का औचक निरीक्षण किया। केंद्र में छाया की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त की।
उन्होंने केंद्र पर फसल विक्रय के लिए आये कृषकों से चर्चा कर केन्द्र में उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में फीडबैक लिया। किसानों ने केन्द्र सुबह के समय पर जल्दी खोलने और दोपहर में तुलाई नहीं होने की बात बताई।
कलेक्टर श्री धोटे ने मौके पर ही समिति प्रबंधक और जेएसओ को निर्देशित किया कि केन्द्र सुबह 8 बजे प्रतिदिन खोलना सुनिश्चित करें, रात्रि 8 बजे तक फसल की तुलाई करवाएं। यदि आवश्यक हो तो केन्द्र को रात्रि में 8 के बाद भी खुला रखकर किसानों की फसल का तौल करें। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा है कि किसानों को कोई भी दिक्कत नहीं होनी चाहिए।
कलेक्टर श्री धोटे ने जेएसओ को निर्देश दिये कि केन्द्र में पर्याप्त छाया के साथ शीतल जल और छाछ की व्यवस्था सुनिश्चित कराएं। इस दौरान सहायक कलेक्टर श्री शैलेन्द्र चौधरी, तहसीलदार नारायणगंज श्री हरिसिंह धुर्वे, जेएसओ नारायणगंज, समिति प्रबंधक सहित गोदाम स्टाफ के साथ फसल विक्रय के लिए आये किसान मौजूद रहे।
