चलती ट्रेन में महिला यात्री को हुआ लेबर पेन, डॉक्टर ने दी अस्पताल में भर्ती की सलाह — परिजनों ने आगे की यात्रा जारी रखी

Revanchal
2 Min Read


नरसिंहपुर | 25 मार्च 2026
ट्रेन संख्या 22177 में यात्रा कर रही एक महिला यात्री को उस समय अचानक परेशानी का सामना करना पड़ा, जब यात्रा के दौरान उन्हें लेबर पेन शुरू हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, श्रीमती तरुन निशा (उम्र 30 वर्ष), कोच नंबर B6, सीट नंबर 33 पर सवार थीं और CSMT से KEL तक की यात्रा कर रही थीं।


यात्रा के दौरान महिला को प्रसव पीड़ा शुरू होने की सूचना मिलते ही कमर्शियल विभाग नरसिंहपुर को सूचित किया गया। सूचना मिलते ही रेलवे चिकित्सक डॉ. आर. आर. कुर्रे ने तत्परता दिखाते हुए ट्रेन के नरसिंहपुर स्टेशन पहुंचते ही महिला यात्री का तत्काल परीक्षण और प्राथमिक उपचार किया।


जांच के बाद डॉक्टर ने महिला की स्थिति को देखते हुए उन्हें नरसिंहपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराने की सलाह दी, ताकि सुरक्षित प्रसव सुनिश्चित किया जा सके। हालांकि, मरीज और उनके परिजनों ने डॉक्टर की सलाह को न मानते हुए अपनी जिम्मेदारी पर आगे की यात्रा जारी रखने का निर्णय लिया और इसके लिए लिखित सहमति भी दी।


इस मामले में रेलवे चिकित्सक ने यात्रियों को सावधानी बरतने की अपील करते हुए कहा कि इस प्रकार की जोखिम भरी यात्रा न केवल यात्री के लिए बल्कि रेलवे प्रशासन के लिए भी गंभीर परेशानी का कारण बन सकती है। उन्होंने यात्रियों से आग्रह किया कि ऐसी स्थिति में चिकित्सकीय सलाह का पालन करना बेहद जरूरी है।


रेलवे प्रशासन ने एक बार फिर स्पष्ट किया है कि वह अपने सभी यात्रियों की सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

👁️ 2 views Views
Share This Article
Translate »