सीएम हेल्पलाइन के नाम पर ब्लैकमेलिंग छिंदवाड़ा में 3 फर्जी पत्रकारों पर FIR; 2 गिरफ्तार, 1 फरार

Revanchal
4 Min Read

​सरपंच पति से ऐंठे ₹1.5 लाख, ₹70 हजार की और मांग रहे थे रंगदारी; आरोपियों पर पहले से दर्ज हैं किडनैपिंग और पॉक्सो जैसे गंभीर केस।

​ रेवांचल टाइम्स छिंदवाड़ा

अमरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के सिंगोड़ी में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन (181) और RTI को हथियार बनाकर शासकीय कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों और डॉक्टरों को ब्लैकमेल करने वाले तीन तथाकथित पत्रकारों के गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। सिंगोड़ी पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए जबरन वसूली के मामले में दो फर्जी पत्रकारों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि इनका एक साथी अभी फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है और उस पर इनाम घोषित करने की तैयारी की जा रही है।

व्हाट्सएप चैनल बनाकर फैला रखा था खौफ
​पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी हिमांशु गोहिया अक्षर सम्राट, नीलेश प्रजापति दबंग समाचार और मनोज चंद्रवंशी विश्व सहारा समाचार नाम से व्हाट्सएप चैनल चलाकर खुद को पत्रकार बताते थे। ये किसी रजिस्टर्ड संस्थान से नहीं जुड़े हैं। इनका काम केवल अधिकारियों, डॉक्टरों, नर्सों और सरपंचों के खिलाफ फर्जी शिकायतें करना और फिर शिकायत वापस लेने केस बंद कराने के नाम पर मोटी रकम वसूलना था। पैसे न देने पर ये हाथ-पैर तोड़ने और जान से मारने की धमकी देते थे।

​सरपंच पति से की ₹70 हजार की ‘डिमांड’
​इस पूरे रैकेट का खुलासा तब हुआ जब ग्राम रजोला निवासी सरपंच पति अंकित साहू (33) ने छिंदवाड़ा एसपी से मामले की लिखित शिकायत की। आरोपियों ने प्रधानमंत्री आवास योजना में गड़बड़ी का झूठा आरोप लगाते हुए सरपंच संध्या भरदिया और उनके पति के खिलाफ भ्रामक खबरें चलाई थीं। इसके बाद मामला रफा-दफा करने के नाम पर आरोपी सरपंच पति से ₹1,50,000 वसूल चुके थे और ₹70,000 की अतिरिक्त मांग कर रहे थे।


अकाउंट में मिले डिजिटल सबूत
पुलिस की जांच में यह साफ हुआ है कि इन तथाकथित पत्रकारों ने डिजिटल पेमेंट QR कोड के जरिए पैसे ट्रांसफर करवाए थे, जो पुलिस के लिए पुख्ता सबूत बन गए। आरोपियों ने अब तक अलग-अलग विभागों के कर्मचारियों से करीब ₹1,70,000 की अवैध वसूली की है।

​नए कानून (BNS) के तहत दर्ज हुआ मुकदमा
​आवेदक की शिकायत पर सिंगोड़ी चौकी पुलिस ने 29 मई को अपराध क्रमांक 339/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 208(5), 351(3) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया।

​आरोपियों की कुंडली पहले से दर्ज हैं संगीन अपराध
​पकड़े गए आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड बेहद चौंकाने वाला है:
​नीलेश प्रजापति: इस आरोपी पर चांदामेटा थाने में अपहरण, बंधक बनाने और पॉक्सो एक्ट जैसी गंभीर धाराओं में केस दर्ज है।
​हिंमाशू गोहिया: इसके खिलाफ सिंगोड़ी और कुंडीपुरा थाने में किडनैपिंग, एससी /एसटी एक्ट और ब्लैकमेलिंग के मामले पहले से दर्ज हैं।

इन जांबाजों ने की कार्रवाई
​एसपी के निर्देशन में सिंगोड़ी चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक पंकज राय, उपनिरीक्षक विजेंद्र मार्को, प्रधान आरक्षक इंद्रजीत ठाकुर, आरक्षक सूरज राजपूत, गुरमुख बघेल, धनंजय, पीयूष यादव, करण रघुवंशी, जगमोहन, ओंकार कुमरे, संदीप भलावी और सायबर सेल के नितिन ठाकुर व आदित्य रघुवंशी की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी हिमांशु गोहिया और नीलेश प्रजापति को दबोच लिया। न्यायालय के आदेश पर दोनों को अमरवाड़ा उप जेल भेज दिया गया है। फरार आरोपी मनोज चंद्रवंशी की तलाश जारी है।

👁️ 1 views Views
Share This Article
Translate »