दैनिक रेवांचल टाईम्स – मंडला, जिले के मुख्यालय में स्थित जिला चिकित्सालय की बदहाल व्यवस्थाओं और लापरवाहियों को लेकर प्रकाशित खबर का असर अब साफ दिखाई देने लगा है। खबर के प्रकाशन के बाद बीती रात को अचानक से मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) ने जिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान CMHO ने अस्पताल की ओपीडी, वार्ड, लेबर रूम, इमरजेंसी, दवा भंडार और साफ-सफाई की स्थिति का जायजा लिया। कई स्थानों पर अव्यवस्थाएं पाए जाने पर संबंधित स्टाफ को कड़ी फटकार लगाई गई और सुधार के निर्देश दिए गए।
मरीजों से की सीधी बातचीत
निरीक्षण के दौरान CMHO ने भर्ती मरीजों एवं उनके परिजनों से सीधे बातचीत कर इलाज, दवाइयों की उपलब्धता और स्टाफ के व्यवहार की जानकारी ली। मरीजों ने डॉक्टरों की अनुपलब्धता, समय पर इलाज न मिलने और अव्यवस्थित व्यवस्था को लेकर अपनी समस्याएं खुलकर रखीं।
लापरवाह स्टाफ पर कार्रवाई के संकेत
सूत्रों के अनुसार निरीक्षण के दौरान कुछ कर्मचारियों की ड्यूटी में लापरवाही सामने आई है, जिस पर CMHO ने स्पष्टीकरण तलब करने और आवश्यक कार्रवाई के संकेत दिए हैं। साफ-सफाई, दवा वितरण और मरीज प्रबंधन को लेकर भी स्पष्ट निर्देश जारी किए गए।
सवाल कायम
हालांकि सवाल यह भी उठ रहा है कि
क्या यह कार्रवाई सिर्फ खबर छपने के बाद ही होगी?
क्या नियमित निरीक्षण और स्थायी सुधार की व्यवस्था बनेगी?
जिला चिकित्सालय की व्यवस्थाओं पर प्रशासन की यह सक्रियता स्वागतयोग्य है, लेकिन जनता अब केवल निरीक्षण नहीं, स्थायी सुधार और जवाबदेही चाहती है।
दैनिक रेवांचल टाईम्स जनहित से जुड़े मुद्दों को आगे भी पूरी जिम्मेदारी और प्रतिबद्धता के साथ उठाता रहेगा।
