शासन के आदेशों की उड़ रही धज्जियां, घुघरी में खुलेआम संचालित हो रहे अवैध अहाते

Revanchal
3 Min Read


रेवांचल टाइम्स मंडला– प्रदेश सरकार द्वारा शराब दुकानों से जुड़े अहातों (बैठकर शराब सेवन करने के स्थान) पर प्रतिबंध लगाए जाने के बावजूद तहसील मुख्यालय घुघरी में आदेशों का पालन होता नजर नहीं आ रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि शराब दुकान के सामने ही अवैध रूप से अहाते संचालित किए जा रहे हैं, लेकिन न तो आबकारी विभाग कोई ठोस कार्रवाई कर रहा है और न ही स्थानीय प्रशासन इस ओर गंभीरता दिखा रहा है।
बताया जा रहा है कि प्रतिबंध के बावजूद शराब दुकान के आसपास लोगों के बैठकर शराब सेवन करने की व्यवस्था बनी हुई है, जिससे क्षेत्र में अव्यवस्था और असामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा मिल रहा है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि शासन के स्पष्ट निर्देशों के बाद भी जिम्मेदार विभाग केवल औपचारिकताएं पूरी कर रहे हैं और जमीनी स्तर पर कार्रवाई दिखाई नहीं दे रही है।


गंदगी का बढ़ता अंबार, राहगीर परेशान
शराब दुकान के आसपास प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों के एकत्रित होने से क्षेत्र में गंदगी का अंबार लग रहा है। खाली शराब की बोतलें, प्लास्टिक के गिलास और अन्य कचरा खुले में फैला दिखाई देता है। इससे न केवल स्वच्छता प्रभावित हो रही है बल्कि आसपास रहने वाले लोगों और राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।


प्रशासन की चुप्पी पर उठ रहे सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि अवैध अहातों का संचालन लंबे समय से जारी है, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। ऐसे में आबकारी विभाग और स्थानीय प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। लोगों ने मांग की है कि प्रतिबंधित अहातों पर तत्काल कार्रवाई की जाए तथा क्षेत्र में स्वच्छता और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए नियमित निगरानी की जाए।


जनता की मांग
नागरिकों ने जिला प्रशासन, पुलिस विभाग एवं आबकारी विभाग से मांग की है कि घुघरी में संचालित अवैध अहातों की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि शासन के आदेशों का प्रभावी पालन सुनिश्चित हो सके और आम जनता को राहत मिल सके।

👁️ 1 views Views
Share This Article
Translate »