सवारियों से खचाखच भरा तूफान वाहन पलटा, 5 घायल

Revanchal
2 Min Read


बजाग। थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंडरीपानी बाजार से अपने गांव लदरादार लौट रहे ग्रामीणों से भरा एक तूफान वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में चार महिलाएं और एक पुरुष घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।


सूचना मिलते ही एंबुलेंस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बजाग लाकर भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार दुर्घटना रविवार शाम करीब 4 बजे हुई। बताया जा रहा है कि वाहन में क्षमता से अधिक सवारियां बैठी थीं। हादसे में डुमरी बाई पति धानू सिंह (80 वर्ष), देवली बाई पति महतू सिंह (30 वर्ष), समरतिन बाई (40 वर्ष), चैती बाई पति राजेंद्र (45 वर्ष) तथा चतुर पिता विजय सिंह (50 वर्ष) घायल हो गए। सभी घायल ग्राम लदरादार के निवासी बताए जा रहे हैं।


जानकारी के अनुसार घायलों को अंदरूनी चोटें आई हैं, जबकि अन्य सवारियों को मामूली खरोंचें आई हैं। गनीमत रही कि दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई और बड़ा हादसा टल गया।
बताया जा रहा है कि दुर्घटनाग्रस्त तूफान वाहन ग्राम के एक स्व-सहायता समूह द्वारा संचालित किया जाता है। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है

👁️ 1 views Views
Share This Article
Translate »