दैनिक रेवांचल टाईम्स – मंडला। चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर 19 मार्च 2026, गुरुवार को ग्राम लफरा में खेरमाई माता जी एवं पंचमुखी हनुमान जी की भव्य शोभायात्रा पूरे गांव में श्रद्धा और उत्साह के साथ निकाली जाएगी। यह शोभायात्रा सुबह 9 बजे गोदर बाबा प्रांगण से प्रारंभ होकर पहाड़ी स्थित खेरमाई माता मंदिर तक पहुंचेगी। इस दौरान श्रद्धालु ढोल-नगाड़ों, भजन-कीर्तन और जयकारों के साथ माता की आराधना करते हुए यात्रा में शामिल होंगे।
इसके पश्चात खेरमाई माता जी एवं पंचमुखी हनुमान जी की विधि-विधान से नौ दिनों तक पूजा-अर्चना और मंत्रोच्चार के साथ धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जाएंगे। चैत्र नवरात्रि की अष्टमी तिथि 26 मार्च 2026, गुरुवार को सुबह 8 बजे से मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा, पूजन-हवन, कन्या भोज एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा।
मंदिर निर्माण से लेकर अब तक इस धार्मिक कार्य में समस्त ग्रामवासियों का सराहनीय सहयोग रहा है। इसी कड़ी में मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव को भव्य बनाने के लिए श्रद्धालुओं से तन, मन और धन से सहयोग करने की अपील की गई है। आयोजकों का कहना है कि श्रद्धालुओं के छोटे-छोटे योगदान से यह धार्मिक आयोजन और भी भव्य और सफल बनाया जा सकता है।
वहीं 19 मार्च 2026 को दोपहर 2 बजे से नौ दिवसीय मेले का भव्य शुभारंभ किया जाएगा। इस अवसर पर मध्यप्रदेश सरकार की कैबिनेट मंत्री सम्पतिया उईके, सांसद फग्गनसिंह कुलस्ते क्षेत्रीय विधायक, निवास विधायक, जिला पंचायत उपाध्यक्ष, पूर्व विधायक डॉ. अशोक मर्सकोले, पूर्व विधायक शिवराज शाह, जिला भाजपा अध्यक्ष प्रफुल्ल मिश्रा तथा बम्हनी नगर परिषद अध्यक्ष मीना हरदहा सहित अनेक जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहेंगे।
आयोजन समिति ने क्षेत्र के सभी श्रद्धालुओं और ग्रामीणों से इस धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।
