छिंदवाड़ा में भीषण सड़क हादसा: बस पलटी, 10–15 लोगों की मौत की आशंका

Revanchal
53
2 Min Read

रेवांचल टाइम्स छिंदवाड़ा। जिले में गुरुवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जिसमें यात्रियों से भरी एक बस उमरानाला के पास दुर्घटनाग्रस्त होकर पलट गई। हादसा सिमरिया हनुमान मंदिर के समीप हुआ बताया जा रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बस मुख्यमंत्री के कार्यक्रम से लौट रही थी। इसी दौरान सामने से आ रहे एक पिकअप/ट्रक से बस की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

हादसे में लगभग 10 से 15 लोगों की मौत की आशंका जताई जा रही है, जबकि कई यात्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं। हालांकि, मृतकों और घायलों की संख्या को लेकर प्रशासन की ओर से अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

घटना के बाद स्थानीय लोग सबसे पहले मौके पर पहुंचे और घायलों को बस से बाहर निकालने में मदद की। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।

घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए प्रशासन ने ग्रीन कॉरिडोर बनाकर तत्परता दिखाई। 108 एम्बुलेंस सहित अन्य वाहनों की मदद से घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। गंभीर घायलों को डॉक्टरों की विशेष निगरानी में रखा गया है।

हादसे के कारण मौके पर लंबा जाम लग गया, जिससे यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए धीरे-धीरे यातायात बहाल कराया।

फिलहाल, प्रशासन द्वारा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

Share This Article
Translate »