सीएचसी बजाग में एचपीवी टीकाकरण का शुभारंभ,

Revanchal
7
3 Min Read

सर्वाइकल कैंसर से बचाव की दिशा में बड़ा कदम

बजाग – जिला प्रशासन के निर्देश पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बजाग में एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत एक किशोरी को एचपीवी वैक्सीन लगाकर की गई। यह टीका महिलाओं में होने वाले सर्वाइकल कैंसर (बच्चेदानी के मुंह का कैंसर) से बचाव के लिए अत्यंत प्रभावी माना जाता है।


गौरतलब है कि राष्ट्रीय स्तर पर इस अभियान का शुभारंभ प्रधानमंत्री द्वारा राजस्थान के अजमेर से किया गया, जिसके तहत अब प्रदेश के विभिन्न जिलों में चरणबद्ध तरीके से टीकाकरण अभियान संचालित किया जा रहा है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. चंद्रशेखर धुर्वे ने बताया कि महिलाओं में स्तन कैंसर के बाद सर्वाइकल कैंसर दूसरे स्थान पर आता है। यह कैंसर ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) के संक्रमण से होता है। उन्होंने कहा कि यह एक ऐसा कैंसर है जिससे टीकाकरण के माध्यम से प्रभावी रूप से बचाव संभव है। समय पर वैक्सीन लगवाने से भविष्य में गंभीर बीमारी की आशंका को काफी हद तक कम किया जा सकता है।


डॉ. धुर्वे ने अपने वक्तव्य में बताया कि विश्व स्तर पर प्रति एक लाख की जनसंख्या में लगभग 199 महिलाएं इस बीमारी से प्रभावित होती हैं, जबकि भारत में यह आंकड़ा लगभग 156 और प्रदेश में करीब 165 है। यह आंकड़े इस बात को स्पष्ट करते हैं कि जागरूकता और समय पर टीकाकरण की कितनी आवश्यकता है।

उन्होंने जानकारी दी कि यह टीका 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की किशोरियों को लगाया जाएगा। जिला चिकित्सालय एवं सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में यह वैक्सीन पूरी तरह नि:शुल्क उपलब्ध रहेगी। जबकि निजी संस्थानों में यही टीका लगवाने पर आमतौर पर 4 से 10 हजार रुपये तक का खर्च आ सकता है।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा अभिभावकों से अपील की गई कि वे अपनी बेटियों को समय पर टीकाकरण के लिए प्रेरित करें, ताकि भविष्य में सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

कार्यक्रम के अंत में अधिक से अधिक किशोरियों को टीकाकरण से जोड़ने एवं समाज में जागरूकता बढ़ाने का संकल्प लिया गया। इस अवसर पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं स्वास्थ्य विभाग का समस्त अमला उपस्थित रहा।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, यह अभियान महिलाओं के स्वास्थ्य संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जो आने वाले समय में सर्वाइकल कैंसर के मामलों में उल्लेखनीय कमी लाने में सहायक सिद्ध होगा।
कार्यक्रम के दौरान जनपद उपाध्यक्ष राधेश्याम कुशराम, भाजपा मंडल अध्यक्ष सुशील यादव , रैयत सरपंच शंकर धुर्वे,प्रमोद साहू ,ओमप्रकाश साहू,चूरामन साहू ,प्रहलाद टाडिया आदि मौजूद रहे।

Share This Article
Translate »