
ध्वजारोहण कर शहीदों को किया नमन, विद्यार्थियों ने भाषण के माध्यम से दी स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि
रेवांचल टाइम्स पवई। शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय पवई में 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास एवं गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ संस्था प्रांगण में ध्वजारोहण के साथ हुआ। शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय सतना एवं पन्ना के प्राचार्य श्री मुक्ति नाथ मिश्रा की ओर से पवई के प्रतिनिधि के रूप में आशीष त्रिपाठी ने ध्वजारोहण किया। इसके पश्चात प्राचार्य के संदेश का वाचन किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित विद्यार्थियों ने भाषण के माध्यम से देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों एवं शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। संस्था में उपस्थित अतिथि व्याख्याताओं ने भी शहीदों को श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए उनके त्याग और बलिदान को याद किया।
समारोह के दौरान विद्यार्थियों एवं उपस्थितजनों को मिष्ठान का वितरण किया गया। इसके बाद माननीय मुख्यमंत्री के भाषण का सीधा प्रसारण विद्यार्थियों एवं संस्था के कर्मचारियों को दिखाया गया।
स्वतंत्रता दिवस समारोह को सफल बनाने में संस्था के तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। वहीं स्वतंत्रता दिवस के पूर्व रात्रि एवं स्वतंत्रता दिवस के दिन संस्था परिसर को आकर्षक रोशनी से सजाया गया, जिससे पूरा परिसर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।
