अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वालों का हुआ सम्मान
जिले ने 11 विभागों के माध्यम से पूरे किए 64 हजार से अधिक कार्य, 132 प्रतिशत का लक्ष्य हासिल कर रचा कीर्तिमान
जल संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है – सांसद साहू
रेवांचल टाइम्स छिंदवाड़ा
भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मार्गदर्शन में पूरे प्रदेश में मार्च 2026 से 30 जून 2026 तक जल गंगा संवर्धन अभियान चलाया गया। मंगलवार 30 जून को अभियान का समापन पूरे जिले में समारोहपूर्वक किया गया। जिला स्तरीय कार्यक्रम छिंदवाड़ा सांसद विवेक बंटी साहू के मुख्य आतिथ्य में शासकीय राजमाता सिंधिया कन्या महाविद्यालय छिंदवाड़ा में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि सांसद साहू द्वारा मुख्यमंत्री के प्रदेशवासियों के नाम संदेश का वाचन भी किया गया। बिछुआ के लोक कलाकारों द्वारा लोक नृत्य के माध्यम से जल एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में जल गंगा संवर्धन अभियान के जिले में सफल क्रियान्वयन में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया, साथ ही अभियान के तहत निर्मित खेत तालाब के हितग्राहियों को अधिकार पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम की शुरूआत “राष्ट्रगीत” वन्देमातरम के गायन एवं मां सरस्वती के पूजन से की गई।
सांसद साहू ने किया मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन – मुख्य कार्यक्रम में मुख्य अतिथि छिंदवाड़ा सांसद साहू ने अभियान के समापन अवसर पर प्रदेशवासियों के नाम मुख्यमंत्री डॉ.यादव के संदेश का वाचन किया। जिसमें मुख्यमंत्री द्वारा सभी से वर्षा जल का अधिकतम संचयन करने, प्रत्येक जल संरचना का नियमित रख – रखाव सुनिश्चित करने, जल का विवेकपूर्ण उपयोग करने, जल अपव्यव रोकने, तालाब, कुएं, बावड़ियों और नालों को स्वच्छ बनाए रखने और जल संरक्षण को परिवार और समाज की संस्कृति बनाने का आह्वान किया गया है।
इस अवसर पर सांसद साहू ने कहा कि मनुष्य ने अपनी आवश्यकताओं और महत्वाकांक्षाओं के चलते प्रकृति का जिस तरह से दोहन किया है, उसी से आज वर्षा की अनिश्चितता और पेयजल संकट की स्थिति निर्मित हो रही है। हम सभी को अब चेतने की अवश्यकता है। हम सभी को पर्यावरण और जल संरक्षण में अपनी – अपनी जिम्मेदारी निभाने की आवश्यकता है। हर कोई दूसरों पर आसानी से दोषारोपण कर देता है, लेकिन आज समय हम सभी को आत्ममंथन कर के यह देखने का है कि हमने अभी तक जल संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण के लिए क्या – क्या किया है। यह केवल सरकारी तंत्र की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों की भी उतनी ही जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी से साथ मिलकर भविष्य की चुनौतियों से निपटने के लिए अभी से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने की अपील की। साथ ही सभी शहरवासियों से वर्षा जल संचयन के लिए अपने-अपने घरों में वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम अनिवार्य रूप से लगवाने का आह्वान किया। उन्होंने 132 प्रतिशत उपलब्धि के लिए जिले की पूरी टीम को बधाई दी।
घर की डिजाइन की तरह वॉटर हार्वेस्टिंग सिस्टम में भी करें इन्वेस्ट – अभियान के समापन समारोह को संबोधित करते हुए शेषराव यादव ने कहा कि यदि हम आज की चुनौतियों से सीख लें तो भविष्य निश्चित ही सुखद होगा। उन्होंने जमीन का वॉटर लेवल बढ़ाने के लिए वॉटर हार्वेस्टिंग सिस्टम के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने स्वयं का उदाहरण देते हुए बताया कि बीते 2 वर्षों से घर में वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम बनवाने के बाद से जून के माह में भी बोर का पानी खत्म नहीं हो रहा है। उन्होंने अपील करते हुए कहा कि जिस तरह हम घर बनवाते समय उसकी डिजाइन पर खर्च करते हैं, वॉटर हार्वेस्टिंग सिस्टम बनवाने पर भी जरूर ध्यान दें। यह वर्षा जल संचयन में आपका बड़ा योगदान भी होगा।
जल हमारे जीवन का आधार – नगर निगम छिंदवाड़ा के महापौर विक्रम अहके ने कहा कि जल केवल हमारे जीवन की अवश्यकता ही नहीं, बल्कि हमारे जीवन का आधार है। मनुष्य के साथ ही धरती के सभी पेड़ – पौधों, जीव – जंतुओं सभी के लिए उतना ही जरूरी है। नदी, तालाब, बावड़ी, कुंए आदि हमारी धरोहरें हैं, लेकिन अंधाधुंध निर्माण ने इन्हें क्षति पहुंचाने का कार्य किया है। हम सभी अपनी नैतिक जिम्मेदारी समझते हुए जल का सदुपयोग करें और जल और जल स्त्रोतों को संरक्षित रखने में अपनी सहभागिता निभाएं।
जिले ने हासिल की 132 % उपलब्धि – कार्यक्रम में कलेक्टर हरेंद्र नारायन ने जल गंगा संवर्धन अभियान में जिले की उपलब्धि का विवरण देते हुए बताया कि अभियान के अंतर्गत 4 माह की अवधि में जिले के 11 विभागों के माध्यम से 49052 कार्यों के लक्ष्य के विरुद्ध 64531 कार्यों का पूर्ण कर जिले ने 132 प्रतिशत की उपलब्धि हासिल की है। इसके लिए उन्होंने अभियान में सक्रिय सहभागिता करने वाले संबंधित सभी विभागों के अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों, स्वयं सेवी संस्थाओं एवं जिले के नागरिकों को बधाई दी। उल्लखेनीय है कि अभियान में सक्रिय सहभागिता करने वाले 11 विभागों में नगरीय विकास, जन अभियान परिषद, उद्यानिकी विभाग, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग, वन विभाग, उच्च शिक्षा विभाग, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, स्कूल शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग और पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग शामिल हैं। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, अभियान के तहत नोडल विभाग था और कलेक्टर हरेंद्र नारायन के मार्गदर्शन व सीईओ जिला पंचायत अग्रिम कुमार के नेतृत्व में जिले ने यह सफलता हासिल की है।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले हुए सम्मानित – जल गंगा संवर्धन अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने पर विभिन्न विभागों के 22 कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। जल संरक्षण में सराहनीय कार्य के लिए नगर पालिक निगम छिंदवाड़ा के प्रभारी सहायक यंत्री विवेक चौहान, उपयंत्री रोहित सूर्यवंशी, उपयंत्री सुश्री स्मिता इंदौरकर व सिटी मैनेजर एनयूएलएम उमेश प्यासी को सम्मानित किया गया। वॉश ऑन व्हील्स प्लस में सराहनीय कार्य के लिए जिला पंचायत के परियोजना अधिकारी स्वच्छ भारत मिशन सुधीर कृषक, जुन्नारदेव ब्लॉक समन्वयक एसबीएम श्रीमती सुनीता सिंह और अमरवाड़ा से स्वच्छता साथी दीपांशु गोदरे व राजकुमार वर्मा को सम्मानित किया गया।
डगवेल, खेत तालाब निर्माण एवं स्वीकृत अन्य कार्यों की समय पर पूर्णता के लिए बिछुआ से सचिव कड़ियाँ, कपूरखेड़ा श्री कैलाश शेरके, जीआरएस लोहारबत्तरी चैन सिंह डेहरिया, अमरवाड़ा से उपयंत्री महेंद्र बघेल, सचिव नांदनवाडी दिनेश डेहरिया, जीआरएस पथरकटी वीरेंद्र सूर्यवंशी, परासिया से सचिव तुमड़ी कमलेश ऊईके, जीआरएस मोठार प्रहलाद, मोहखेड़ से उपयंत्री सौरभ जैन, जीआरएस चूड़ावोह सुश्री सुरेखा, छिंदवाड़ा जनपद से सचिव भैंसादंड सुनील कपाले, केवलारी जीआरएस मनोज चंद्रपुरी और आरईएस क्रमांक 1 छिंदवाड़ा से उपयंत्री सुश्री दिव्या पारधी को सम्मानित किया गया। वहीं बावड़ी उत्सव में उत्कृष्ट कार्य के लिए ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति कन्हान वनग्राम के अध्यक्ष बुनेश राजबैठे और जल संरचनाओं की स्वच्छता के लिए नगर विकास प्रस्फुटन समिति छिंदवाड़ा की सदस्य श्रीमती आयशा लोधी को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने जल संरक्षण के प्रति सतत प्रयास करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। मंच संचालन श्रीमती वाणी शुक्ला और धीरेन्द्र दुबे द्वारा किया गया। जल गंगा संवर्धन अभियान के समापन समारोह में मुख्य अतिथि छिंदवाड़ा सांसद विवेक बंटी साहू,शेषराव यादव, महापौर विक्रम अहके के साथ ही भारत घई, श्रीमती गरिमा दामोदर, नवीन बारस्कर, संजय पटेल, राकेश पहाड़े, संदीप चौहान, पं.राम शर्मा, मनोज सक्सेना, श्रीमती शिवानी सक्सेना, राजकुमार बघेल, चंद्रभान देवरे, राजू नरोटे सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, पार्षदगण, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती केसर नेताम, गणमान्य नागरिक, लाभान्वित हितग्राही एवं आमजन उपस्थित थे।
