दैनिक रेवांचल टाईम्स – मंडला, भुआ बिछिया— शासन के निर्देशानुसार प्रदेशभर में 19 मार्च 2026 से प्रारंभ हुए जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत भुआ बिछिया नगर में भी इस महत्वपूर्ण अभियान का शुभारंभ किया गया। “जल बचाएं, भविष्य संवारें” के उद्देश्य के साथ शुरू हुए इस अभियान के अंतर्गत जल स्रोतों के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए जनभागीदारी आधारित गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है।
नगर परिषद भुआ बिछिया के वार्ड क्रमांक 14 स्थित राममंदिर के समीप एनीकट घाट पर साफ-सफाई अभियान चलाकर इस कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत की गई। यह शुभारंभ भारतीय नववर्ष प्रतिपदा (गुढ़ी पड़वा) के पावन अवसर पर हुआ, जिससे आयोजन को विशेष सांस्कृतिक महत्व भी मिला।
अभियान के तहत नगर क्षेत्र में स्थित वाटर बॉडीज (जलाशयों) की व्यापक स्तर पर सफाई, मरम्मत और संरक्षण का कार्य किया जाएगा। यह अभियान लगातार तीसरे वर्ष संचालित हो रहा है, जिसमें कुओं, बावड़ियों, नदियों, तालाबों, चेकडैम एवं स्टॉपडैम के पुनरुद्धार के साथ अतिक्रमण हटाने और वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। यह अभियान 30 जून 2026 तक अनवरत जारी रहेगा।
नगर परिषद अध्यक्ष रजनी मरावी ने कहा कि इस अभियान की सफलता का मूल आधार जनभागीदारी है। वहीं मुख्य नगर पालिका अधिकारी (डिप्टी कलेक्टर) संस्कार बावरिया ने नगरवासियों से अपील करते हुए कहा कि सभी नागरिक इस महाअभियान में सक्रिय रूप से जुड़ें, श्रमदान करें और जल स्रोतों की स्वच्छता एवं संरक्षण में सहयोग दें।
उन्होंने यह भी कहा कि यदि समाज और सरकार मिलकर कार्य करें तो प्रदेश को जल समृद्ध बनाया जा सकता है। इस अभियान से भू-जल स्तर में सुधार, किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी, अल्प वर्षा से प्रभावित क्षेत्रों को राहत तथा पर्यावरण संरक्षण को मजबूती मिलेगी। साथ ही, शहरी अर्थव्यवस्था को भी बल मिलेगा और भविष्य के लिए बेहतर जल प्रबंधन सुनिश्चित होगा।
कार्यक्रम में नगर परिषद अध्यक्ष रजनी मरावी, मुख्य नगर पालिका अधिकारी संस्कार बावरिया, पार्षदगण, शशिकांत श्रीवास्तव, अजय पुरी गोस्वामी, हर्षलता मुकेश श्रीवास, नरेश कल्लू कसार, अशोक नानकानी, रिक्खीराम परस्ते, स्वच्छता नोडल अधिकारी एच.आर. कुरैशी, जल प्रदाय प्रभारी अशोक यादव, स्वच्छता पर्यवेक्षक प्रसन्न यादव सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित
