गुदरी मड़ई में सरेआम चाकूबाजी, चार युवक घायल

Revanchal
2 Min Read

आसपास सैकड़ों लोग थे मौजूद, वारदात को अंजाम देकर आरोपी फरार

दैनिक रेवांचल टाइम्स बजाग – गुदरी मड़ई में शुक्रवार शाम उस समय अफरा तफरी की स्थिति निर्मित हो गई, जब सैकड़ों लोगों की भीड़ के बीच में दो समूहों के बीच हुए विवाद के बाद चाकूबाजी की घटना सामने आई। घटना शाम लगभग साढ़े छह बजे झूला, सर्कस व डांस शो पंडाल के समीप घटित हुई, जहां बड़ी संख्या में महिला-पुरुष और बच्चे मनोरंजन करने मड़ई में आए हुए थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पहले दोनों समूहों के बीच वाद-विवाद हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। इसी दौरान एक समूह के दो से तीन अज्ञात युवकों ने धारदार हथियार से दूसरे समूह के चार युवकों पर पेट व पीठ पर वार कर उन्हें लहूलुहान हालत में पहुंचा दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।


घटना के बाद मड़ई परिसर में दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बजाग में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार किया गया।


पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार घायलों ने बताया कि वे डांस कार्यक्रम के पंडाल के पास खड़े थे, तभी तीन अज्ञात युवक वहां पहुंचे और बिना कारण बहस करने लगे। आरोप है कि “मड़ई क्यों आए हो, आगे यहां दिखाई मत देना” कहते हुए आरोपियों ने अचानक हमला कर दिया। पीड़ितों ने यह भी बताया कि वे आरोपियों को नहीं पहचानते।


घायलों में तीरथ मरावी निवासी वरसोद, निर्मल श्याम निवासी कछरा टोला, अर्जुन मरकाम निवासी गाड़ासरई एवं तरुण ऊईके वरगांव शामिल हैं। पुलिस ने पीड़ितों की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध धारा 296(बी), 115(2), 118(1), 351(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।


पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है और मड़ई क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त किया गया है।

👁️ 2 views Views
Share This Article
Translate »