मनमाना ब्याज वसूली और कब्जे की धमकियों से परिवार दहशत में
पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से लगाई गुहार, निष्पक्ष जांच और सुरक्षा की मांग
दैनिक रेवांचल टाइम्स मंडला | बिछिया
आदिवासी बाहुल्य जिला मंडला के बिछिया थाना क्षेत्र से सूदखोरी का एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक पीड़ित व्यक्ति ने सूदखोरों से परेशान होकर पुलिस अधीक्षक सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई है।
वही सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, भुआ बिछिया के वार्ड क्रमांक 14 निवासी चंद्रकांत शर्मा पिता बिहारी लाल शर्मा ने आवेदन देकर आरोप लगाया है कि पिछले वर्ष अपने व्यवसाय को बढ़ाने के उद्देश्य से उन्होंने अपनी अचल संपत्ति को एग्रीमेंट के आधार पर रखकर शैलेन्द्र साहू पिता प्रीतम लाल साहू एवं राजेश उर्फ दादा विश्वकर्मा पिता रमैयालाल विश्वकर्मा से धनराशि ली थी।
वही पीड़ित का आरोप है कि प्रारंभ में तय राशि के बाद लगातार मनमाने तरीके से ब्याज बढ़ाया गया और बार-बार अतिरिक्त रकम की मांग की जाने लगी। चंद्रकांत शर्मा का कहना है कि मूल राशि से कई गुना अधिक रकम वसूलने के बाद भी आरोपियों द्वारा और पैसों की मांग की जा रही है।
आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि सूदखोरों द्वारा छोटी राशि को चार गुना तक बढ़ाकर कागजों में दर्शाया गया और अब उनके पैतृक मकान एवं दुकान पर कब्जा करने की धमकियां दी जा रही हैं। पीड़ित के अनुसार, आरोपियों द्वारा परिवार की महिलाओं को आगे कर दुकान पर कब्जा करवाने की बात भी कही जा रही है, जिससे पूरा परिवार भय और तनाव में जीवन व्यतीत कर रहा है।
पीड़ित ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने, अवैध रूप से ब्याज वसूली करने वालों पर सख्त कार्रवाई करने तथा अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। आवेदन करता चंद्रकांत शर्मा ने स्पष्ट कहा है कि यदि भविष्य में उन्हें या उनके परिवार को किसी प्रकार की हानि पहुंचती है, तो इसकी पूर्ण जिम्मेदारी संबंधित आरोपियों की होगी।
अब बड़ा सवाल यह है कि बिना लाइसेंस अवैध रूप से ब्याज पर पैसा चलाने वाले सूदखोरों पर पुलिस प्रशासन क्या कार्रवाई करता है। क्या जिम्मेदार विभाग सख्त कदम उठाकर ऐसे अवैध कारोबार पर रोक लगाएगा, या फिर सूदखोरों के हौसले इसी तरह बुलंद रहेंगे—यह आने वाला समय बताएगा। जहाँ शिकायत के बाद भी नही की जा रही कार्यवाही
