“बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ: कन्या शिक्षा परिसर बजाग में मिशन शक्ति के तहत विशेष जागरूकता शिविर”
.
“आकांक्षी विकासखंड बजाग बना सशक्तिकरण का केंद्र, वन स्टॉप सेंटर ने दी बालिकाओं को कानूनी और स्वास्थ्य की जानकारी”
बजाग – नीति आयोग के “आकांक्षी विकासखंड कार्यक्रम” के तहत चिन्हित विकासखंड बजाग में महिला सशक्तिकरण को नई दिशा देने के लिए विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
जिला कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया के निर्देशन एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी सुश्री माधुरी रजक के मार्गदर्शन में मिशन शक्ति – हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ वूमेन एवं बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत वन स्टॉप सेंटर जिला डिंडोरी द्वारा कन्या शिक्षा परिसर बजाग में जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय की छात्राओं को महिला सुरक्षा, स्वास्थ्य और करियर मार्गदर्शन पर विस्तृत जानकारी दी गई।
वन स्टॉप सेंटर एडमिनिस्ट्रेटर श्रीमती रितु खांडे ने मिशन शक्ति की दो प्रमुख उपयोजनाओं संबल और सामर्थ्य के बारे में बताया। उन्होंने माहवारी स्वच्छता और स्वास्थ्य के महत्व पर भी विस्तार से चर्चा की।
वन स्टॉप सेंटर प्रशासक श्रीमती नीतू तिलगाम ने बालिकाओं को गुड टच-बैड टच की पहचान, पॉक्सो एक्ट 2012 के प्रावधानों और जेंडर संवेदीकरण के बारे में जानकारी दी। उन्होंने घरेलू हिंसा से बचाव के उपाय बताते हुए छात्राओं को महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और वन स्टॉप सेंटर हेल्पलाइन 7828195167 नंबर भी उपलब्ध कराए, ताकि मुसीबत के समय तत्काल सहायता ली जा सके। साथ ही पढ़ाई के बाद करियर के विकल्पों पर भी मार्गदर्शन दिया गया।
वन स्टॉप सेंटर केस वर्कर श्रीमती स्मिता चौरसिया ने पॉक्सो एक्ट के तहत अपराधियों को मिलने वाले दंड के प्रावधानों की जानकारी दी।
इस अवसर पर वन स्टॉप सेंटर केस वर्कर श्रीमती सुमरतो सरोते सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।
कलेक्टर ने कहा कि आकांक्षी ब्लॉक बजाग को आदर्श ब्लॉक बनाने के लिए बालिकाओं का सशक्त और सुरक्षित होना आवश्यक है। ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों से बेटियां आत्मनिर्भर बनेंगी और जिले के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
