जिला भाजपा कार्यालय में पूर्व सैनिकों के साथ सुना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ‘मन की बात’ कार्यक्रम

Revanchal
5 Min Read

डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को श्रद्धांजलि अर्पित कर राष्ट्रसेवा के संकल्प को किया गया स्मरण

रेवांचल टाइम्स छिंदवाड़ा

भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का सामूहिक श्रवण किया गया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के निर्देशानुसार आयोजित कार्यक्रम में पूर्व सैनिकों का विशेष सम्मानपूर्वक स्वागत किया गया। श्रीमती निशा गोस्वामी द्वारा पूर्व सैनिकों को कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया, जिन्होंने भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ पूरे मनोयोग से प्रधानमंत्री का संबोधन सुना।

कार्यक्रम में महिला मोर्चा की प्रदेश सोशल मीडिया प्रभारी श्रीमती स्मृति जैन, भाजपा जिला महामंत्री विजय पांडे, जिला कार्यालय मंत्री भारत घई, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष श्रीमती ललिता वर्मा महिला मोर्चा की पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता तथा जिला पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सामूहिक श्रवण से पूर्व भाजपा के पितृ पुरुष डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के लिए डॉ. मुखर्जी के योगदान का स्मरण करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर जिला महामंत्री विजय पांडे ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के जीवन एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए अपना सर्वस्व समर्पित कर दिया। उन्होंने बताया कि जम्मू-कश्मीर में लागू परमिट व्यवस्था का विरोध करते हुए डॉ. मुखर्जी बिना परमिट के कश्मीर पहुंचे, जहां उन्हें गिरफ्तार कर एक जर्जर भवन में नजरबंद रखा गया। उन्होंने कहा कि उपचार में गंभीर लापरवाही के कारण डॉ. मुखर्जी का निधन हुआ, जिसका बलिदान भारतीय जनसंघ और आज की भारतीय जनता पार्टी के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी का जीवन राष्ट्र प्रथम की भावना का सर्वोच्च उदाहरण है।

इसके पश्चात सभी उपस्थितजनों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का श्रवण किया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री द्वारा देश की उपलब्धियों, जनभागीदारी, पर्यावरण संरक्षण, नवाचार, युवाओं की भूमिका, आत्मनिर्भर भारत तथा समाज में सकारात्मक परिवर्तन के लिए किए जा रहे प्रयासों पर व्यक्त विचारों को सभी ने गंभीरता से सुना।

कार्यक्रम के उपरांत उपस्थित पूर्व सैनिकों ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि वे नियमित रूप से ‘मन की बात’ कार्यक्रम सुनते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का यह कार्यक्रम देशवासियों को राष्ट्रहित के कार्यों के लिए प्रेरित करता है तथा समाज में सकारात्मक सोच का संचार करता है। पूर्व सैनिकों ने कहा कि आज भारत विश्व पटल पर सशक्त और आत्मविश्वासी राष्ट्र के रूप में अपनी पहचान बना रहा है, जिसे देखकर उन्हें गर्व की अनुभूति होती है। उन्होंने भावुक शब्दों में कहा कि “हम रहें या न रहें, देश सुरक्षित रहना चाहिए। आंखों में बहुत से सपने हो सकते हैं, लेकिन तिरंगा सबसे ऊपर होना चाहिए। उनके इन उद्गारों ने उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं में राष्ट्रभक्ति का नया उत्साह भर दिया।

महिला मोर्चा की प्रदेश सोशल मीडिया प्रभारी श्रीमती स्मृति जैन ने भी डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए उनके राष्ट्रवादी विचारों और संघर्षपूर्ण जीवन पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी का जीवन देश की एकता और अखंडता के लिए समर्पित रहा तथा उनका बलिदान प्रत्येक राष्ट्रभक्त के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने भाजपा के डिजिटल संगठनात्मक विस्तार, सोशल मीडिया की भूमिका तथा डिजिटल माध्यमों से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं संगठन की गतिविधियों को अधिकाधिक लोगों तक पहुंचाने के विषय में भी विस्तृत जानकारी साझा की।

कार्यक्रम का समापन राष्ट्रहित, संगठन सशक्तिकरण तथा समाज सेवा के संकल्प के साथ हुआ। उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के दौरान परमात्मा प्रसाद शुक्ला, कुबेर सिंगोतिया, सुभाष साहू, सुनील वर्मा, अर्जुन पवार, देवेन्द्र डोबलेकर, एम.एस.यादव, पी.के.सोनी, सुधाकर कराड़े, रामेश्वर साहू, आनंद शर्मा, निशा गोस्वामी, भैरवी डोंगरे, श्रीमती ममता साहू, श्रीमती संगीता साहू महिला मोर्चा महामंत्री श्रीमती मीना दुबे, महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष श्रीमती माया बंदेवार जिला कार्यकारिणी सदस्य श्रीमती रीना देशमुख श्रीमती नीलू क्षेत्री, श्रीमती मनीषा ढवाले, श्रीमती लवीना केरकटा, श्रीमती श्रद्धा जैन, श्रीमती अनीता ठाकरे, श्रीमती प्रभा ओकटे, श्रीमती कांता वानखेडे, श्रीमती जया विश्वकर्मा , श्रीमती ममता चौहान, श्रीमती दुर्गा डेहरिया, श्रीमती संतोषी यादव, श्रीमती कौशल्या डेहरिया, श्रीमती रतना साहू सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं महिलाएं उपस्थित रहीं।

👁️ 60 views Views
Share This Article
Translate »