कटंगी रोड पर बड़ा हादसा: ट्रक की टक्कर से टूटा विद्युत पोल, दो फीडरों की बिजली ठप

Revanchal
2 Min Read

दैनिक रेवांचल टाइम्स जबलपुर। कटंगी रोड स्थित सोना मैरिज गार्डन के समीप रविवार को एक बड़ा हादसा हो गया। पुलिया के पास माल से लदा एक भारी ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे विद्युत पोल से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पोल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद एहतियात के तौर पर विद्युत विभाग ने तत्काल इंट्रस्ट्रियल एवं अमखेरा फीडर की बिजली आपूर्ति बंद कर दी, जिससे हजारों उपभोक्ता घंटों तक बिजली संकट से जूझते रहे।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक तेज गति से गुजर रहा था। पुलिया के समीप चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और ट्रक सीधे बिजली के पोल से जा भिड़ा। हादसे के बाद कुछ देर के लिए क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि इस दुर्घटना में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन बिजली व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई।


बिजली गुल होने से आसपास की कॉलोनियों, औद्योगिक इकाइयों, दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का कामकाज प्रभावित हुआ। उमस भरे मौसम में बिजली नहीं रहने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई स्थानों पर पेयजल आपूर्ति और अन्य आवश्यक सेवाएं भी प्रभावित होने की जानकारी सामने आई।
सूचना मिलते ही विद्युत विभाग की टीम मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त पोल का निरीक्षण कर मरम्मत कार्य शुरू कराया। विभाग के कर्मचारियों ने क्षतिग्रस्त लाइन को सुरक्षित करते हुए नया पोल लगाने और विद्युत आपूर्ति बहाल करने की प्रक्रिया प्रारंभ की। समाचार लिखे जाने तक सुधार कार्य जारी था।


स्थानीय नागरिकों ने कटंगी रोड पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार पर रोक लगाने तथा दुर्घटना संभावित स्थानों पर आवश्यक सुरक्षा इंतजाम करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में और भी गंभीर हादसे हो सकते हैं।

👁️ 53 views Views
Share This Article
Translate »