पाइपलाइन खुदाई से हैंडपंप के आसपास कीचड़ का अंबार, दूषित पानी पीने को मजबूर ग्रामीण

Revanchal
2 Min Read

दैनिक रेवांचल टाइम्स बजाग – आवास मोहल्ले में जल जीवन मिशन के तहत पाइपलाइन बिछाने के लिए हैंडपंप के आसपास खोदे गए गड्ढे अब लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन गए हैं। ठेकेदार द्वारा खुदाई के बाद गड्ढों को समतल नहीं कराया गया, जिससे बारिश का पानी चारों ओर भर गया है। मौके पर चारों तरफ कीचड़, जलभराव और गंदगी का आलम बना हुआ है। लोगों को हैंडपंप तक पहुंचने में भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले लगभग पंद्रह दिनों से हैंडपंप से लाल रंग का मिट्टी युक्त और मटमैला पानी निकल रहा है, जो पीने योग्य नहीं है। आशंका है कि खुदाई और जलभराव के कारण मिट्टी पानी के स्रोत तक पहुंच रही है, जिससे पेयजल दूषित हो गया है। मजबूरी में ग्रामीणों को पीने के पानी के लिए दूर स्थित अन्य स्रोतों का सहारा लेना पड़ रहा है।
बारिश के कारण हैंडपंप के आसपास कीचड़ और गड्ढों में भरे पानी से संक्रमण फैलने का भी खतरा बढ़ गया है। स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग और ठेकेदार पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जल्द से जल्द गड्ढों की भराई, जल निकासी की व्यवस्था तथा हैंडपंप से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर प्रभाव पड़ सकता है

👁️ 46 views Views
Share This Article
Translate »