दैनिक रेवांचल टाइम्स मंडला।
पुलिस अधीक्षक मंडला राजेश रघुवंशी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिव कुमार वर्मा एवं एसडीओपी नैनपुर मनीष राज के मार्गदर्शन में थाना नैनपुर पुलिस ने चोरी के एक महत्वपूर्ण प्रकरण का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे एवं निशानदेही पर चोरी की संपत्ति से खरीदी गई मोटरसाइकिल एवं मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
दिनांक 06 जून 2026 को शिकायतकर्ता अनंत कुमार वैष्णव, निवासी वार्ड क्रमांक 15, खैरमाई रोड, नैनपुर द्वारा थाना नैनपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि वे अपने परिवार सहित विवाह समारोह में मंडला, जबलपुर एवं भोपाल गए हुए थे। उसी दिन शाम लगभग 5:45 बजे घर लौटने पर घर के पीछे के दोनों दरवाजों की कुंडियां टूटी हुई मिलीं तथा घर के अंदर रखे लगभग ₹7 लाख मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण, ₹2,25,000 नगद एवं अन्य सामान चोरी होना पाया गया। रिपोर्ट पर प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
विवेचना के दौरान तकनीकी साक्ष्यों एवं मुखबिर सूचना के आधार पर प्रिंस पिता माउलाल मर्सकोले, उम्र 20 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 15, नैनपुर एवं एक बाल अपचारी को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में दोनों ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर चोरी की वारदात करना स्वीकार किया।
पूछताछ में बताया कि चोरी की संपत्ति से प्राप्त राशि से बाल अपचारी ने करिश्मा ZMR मोटरसाइकिल खरीदी, जबकि उसके साथी ने नैनपुर स्थित पूजा इलेक्ट्रॉनिक्स से वीवो कंपनी का मोबाइल फोन खरीदा। चोरी के शेष सोने-चांदी के आभूषण फरार आरोपियों द्वारा जिले के बाहर बेच देना बताया गया।
जप्त मशरूका
- एक करिश्मा ZMR मोटरसाइकिल
- एक वीवो कंपनी का मोबाइल फोन
प्रकरण के शेष फरार आरोपियों की तलाश जारी है। उनकी गिरफ्तारी के उपरांत शेष चोरी गए मशरूका की बरामदगी हेतु वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मंशाराम वगेन, निरीक्षक विक्रम सिंह बघेल, सहायक उप निरीक्षक जगदीश सेयाम, सहायक उप निरीक्षक नेताम, आरक्षक ओ.पी. बघेल, नवीन, अक्षय एवं थाना नैनपुर पुलिस स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।
