नगर निगम की बड़ी कार्रवाई: ईद-मिलादुन्नबी जुलूस मार्ग से हटाया अतिक्रमण; वार्ड 7 में अवैध कब्जे से मुक्त कराई निगम की संपत्ति

Revanchal
2 Min Read

रेवांचल टाइम्स छिंदवाड़ा

शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने, त्योहारों के दौरान निर्बाध आवागमन सुनिश्चित करने तथा निकाय स्वामित्व की संपत्तियों को अतिक्रमण मुक्त कराने हेतु नगर निगम छिंदवाड़ा द्वारा व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में नगर निगम आयुक्त चंद्र प्रकाश राय के आदेशानुसार शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सख्त कार्रवाई एवं रोको-टोको अभियान चलाया गया।

आगामी ईद-मिलादुन्नबी पर्व के दृष्टिगत निगम के अतिक्रमण रोधी अमले द्वारा जुलूस मार्गों का गहन निरीक्षण किया गया। टीम ने चार फाटक ओवर ब्रिज के नीचे फल-फ्रूट विक्रेताओं को सार्वजनिक सड़क से हटाकर निगम द्वारा निर्धारित स्थल पर ही दुकानें लगाने की हिदायत दी। इसके साथ ही ईद-मिलादुन्नबी के जुलूस मार्ग पर सड़क किनारे फैले सभी प्रकार के अस्थायी अतिक्रमणों को हटवाकर पूरे रास्ते को सुव्यवस्थित एवं क्लियर कराया गया।
इसी श्रृंखला में वार्ड क्रमांक 7 में आईएसडीपी मकानों तथा बैल बाजार परिसर के पास नगर निगम की स्वामित्व वाली भूमि एवं सामुदायिक भवन की दुकान पर स्थानीय स्तर पर अवैध रूप से कब्जा कर ढांचा तैयार कर लिया गया था। आयुक्त के आदेश पर पुलिस विभाग को मदद से अतिक्रमण दल ने मौके पर पहुँचकर अवैध कब्जे को ध्वस्त किया। इसके पश्चात निकाय स्वामित्व के सामुदायिक कमरे एवं दुकान को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त कराकर मुख्य गेट व कमरे में निगम का ताला लगाया गया।
इसके अतिरिक्त, परासिया रोड स्थित सृष्टि माता मंदिर के समीप सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त अतिक्रमण की शिकायत पर निगम की टीम ने मौके पर पहुँचकर स्थल निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सड़क बाधा बन रहे अतिक्रमण को तत्काल हटाया गया। नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि सार्वजनिक सड़कों, फुटपाथों एवं निगम की परिसंपत्तियों पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ जब्ती एवं दंडात्मक कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
इस कार्रवाई के दौरान नगर निगम के अतिक्रमण प्रभारी सागर बोरकर, राजस्व निरीक्षक शेखर पटेल सहित पुलिस विभाग के कर्मचारी एवं अन्य निकाय अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

👁️ 54 views Views
Share This Article
Translate »