दैनिक रेवांचल टाइम्स सिवनी – मकर संक्रांति की पूर्व संध्या 13 जनवरी की रात लखनवाड़ा क्षेत्र में धार्मिक आस्था, प्रशासनिक सक्रियता और सामाजिक सहभागिता का प्रेरक दृश्य देखने को मिला।
गंगा नदी के पावन तट पर सुंदरकांड एवं भजन संध्या का भव्य आयोजन संपन्न हुआ। कार्यक्रम का आयोजन लखनवाड़ा थाना प्रभारी सी.के. सिरामे के नेतृत्व में किया गया, वहीं श्रीजी ग्रुप मड़वा द्वारा सुमधुर भजनों एवं सुंदरकांड की भावपूर्ण प्रस्तुति दी गई।
इस धार्मिक आयोजन में ग्राम सरपंच, जनपद सदस्य सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि,विभिन्न धार्मिक संस्थाओं से जुड़े लोग तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे। सुंदरकांड पाठ और भजनों के दौरान गंगा तट का वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना रहा।

उल्लेखनीय है कि मेला क्षेत्र में इस वर्ष नगर पालिका एवं एसडीएम प्रशासन की सक्रिय भूमिका के चलते साफ-सफाई और व्यवस्थाएं विशेष रूप से की गईं। मकर संक्रांति के अवसर पर वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की गई।
इसी क्रम में एसडीएम, तहसीलदार के साथ-साथ मुख्य नगर पालिका अधिकारी एवं नगर पालिका के कार्यकारी अध्यक्ष भी मेला स्थल पर पहुंचे और कार्यक्रम स्थल सहित व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
इस बार अन्य वर्षों की तुलना में मेला क्षेत्र में सफाई, प्रकाश, सुरक्षा एवं मूलभूत सुविधाएं बेहतर नजर आईं, जिससे ग्रामीणों और श्रद्धालुओं में संतोष देखा गया। बेहतर व्यवस्थाओं को देखते हुए ग्रामीणों ने अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर मकर संक्रांति पर गंगा स्नान कर पुण्य लाभ लेने का आह्वान किया। आयोजन शांतिपूर्ण एवं अनुशासित ढंग से संपन्न हुआ, जिसने प्रशासन और जनसहयोग का सकारात्मक उदाहरण प्रस्तुत किया।
