रेवांचल टाइम्स मंडला – मध्यप्रदेश शासन द्वारा ग्रीष्मकालीन अवकाश समाप्त होने के बाद 8 जून से विद्यालयों में शिक्षकों की उपस्थिति एवं नियमित शैक्षणिक गतिविधियों के संचालन के निर्देश जारी किए गए थे।
वहीं मंडला जिले के अधिकांश स्कूलों में नियम को ताक में रख कर शिक्षक नदारत नज़र आ रहें और विधालय के गेट में ताले लटके नज़र आ रहे हैं वही सूत्रो से प्राप्त जानकारी के अनुसार घुघरी विकास खंड के खंड शिक्षा से साठ गांठ कर मुख्यालय से दूरदराज के विद्यालय में शिक्षक नहीं पहुँच रहें है
जबकि शासन के निर्देश अनुसार विद्यार्थियों के लिए 16 जून से विद्यालय आने की व्यवस्था निर्धारित की गई है। इसके बावजूद क्षेत्र के कई विद्यालयों में आज भी ताले लटके होने की शिकायतें सामने आ रही हैं, जिससे शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े होने लगे हैं।
वही स्थानीय लोगों का कहना है कि शासन के स्पष्ट निर्देशों के अनुसार शिक्षकों को विद्यालय पहुंचकर नए शैक्षणिक सत्र की तैयारियां, नामांकन कार्य, रिकॉर्ड संधारण तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करनी थीं। लेकिन कई स्कूलों में न तो शिक्षक दिखाई दे रहे हैं और न ही विद्यालय खुले हुए हैं।
ग्रामीणों और अभिभावकों का आरोप है कि जब छात्रों को 16 जून से विद्यालय आने के लिए कहा गया है तो उससे पहले विद्यालयों को व्यवस्थित करने की जिम्मेदारी शिक्षकों और संबंधित अधिकारियों की है। यदि विद्यालय ही बंद रहेंगे तो नए सत्र की तैयारियां कैसे पूरी होंगी और विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा कैसे मिल पाएगी।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि शासन के आदेश केवल कागजों तक सीमित नजर आ रहे हैं। विद्यालयों में ताले लटके होने से यह प्रतीत होता है कि संबंधित जिम्मेदार अधिकारी और कर्मचारी आदेशों को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। वहीं शिक्षा विभाग की निगरानी व्यवस्था पर भी प्रश्नचिह्न लग रहे हैं।
ग्रामीणों ने जिला शिक्षा अधिकारी एवं प्रशासन से मांग की है कि विद्यालयों का औचक निरीक्षण कराया जाए और यह पता लगाया जाए कि आदेश जारी होने के बावजूद स्कूल क्यों नहीं खुल रहे हैं। साथ ही लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाए।
जनचर्चा का विषय बना सवाल — आखिर जब शासन ने 8 जून से शिक्षकों की उपस्थिति और विद्यालय संचालन के निर्देश दे दिए हैं, तो क्षेत्र के कई स्कूलों में आज भी ताले क्यों लटके हैं?
